Latest News

मुंबई : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की चर्चा तो हर तरफ होती है, लेकिन यह महंगाई सिर्फ ईंधन तक सीमित नहीं है। खाद्य तेल, दाल, सब्जियां और अन्य आम जरूरत की चीजों के दाम काफी बढ़ गए हैं। पिछले तीन महीनों की बात करें तो इन आम जरूरत की चीजों के दाम लगभग दोगुना हो चुके हैं। कोरोना और लॉकडाउन की वजह से पहले से ही आम इंसान परेशान है। अब इस बढ़ती महंगाई की वजह से उनका जीना और भी ज्यादा मुश्किल होता जा रहा है।
इस बढ़ती महंगाई का एक कारण लगातार बढ़ रही ईंधन की कीमतें हैं. तीन महीने पहले मुंबई में 88.50 रुपए प्रति लीटर डीजल मिल रहा था, जो अब 94.50 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। तीन महीने में डीजल की दर प्रति लीटर 6 रुपए बढ़ गई है। इससे माल ढुलाई का खर्चा बढ़ गया है। हालांकि माल ढुलाई का भाड़ा बढ़ाने का निर्णय बॉम्बे गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने अब तक नहीं लिया है, फिर भी टेंपो व ट्रक चालकों ने व्यक्तिगत तौर पर भाड़ा बढ़ा दिया है।
मुंबई शहर व उपनगरों सहित मीरा-भाइंदर, पालघर, कल्याण-डोंबिवली जैसे सभी इलाकों में हर-रोज़ सब्जियां, फल, अनाज की सप्लाई नवी मुंबई से की जाती है। मुंबई शहर और उपनगरों में ज्यादातर ढाई से चार टन वजन वाले छोटे टेंपो उपलब्ध हैं। ये टेंपोवाले अब तक सब्जियों और फलों को छोड़ कर अन्य चीज़ों के लिए प्रति वस्तु 22 रुपए वसूलते थे। अब इसके लिए वे 26 से 28 रुपए वसूलने लगे हैं। इसी तरह सब्जियों की बात करें तो 50 किलो की ढुलाई के लिए अब तक 15 रुपए प्रति बंडल का भाव था, जो बढ़ कर अब 22 रुपए हो गया है। इस तरह नवी मुंबई से आने वाली सब्जियों का खर्च प्रति किलो करीब 12 रुपए बढ़ गया है। अन्य चीजों की ढुलाई का खर्च भी प्रति किलो 8 रुपए बढ़ गया है।
डीजल की दर पिछले छह महीने में 40 प्रतिशत तक बढ़ गई है।  इसकी तुलना में माल ढुलाई की दरों में भी 25 प्रतिशत तक की बढोत्तरी हो गई है। डीजल की दरों में कमी नहीं हुई तो अब बॉम्बे गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने भी माल ढुलाई के भाड़े में बढ़ोतरी पर गंभीरता से विचार करने की बात कह दी है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement