मछली की एंबरग्रीस बेचने वाले गिरफ्तार
मुंबई : अपराध शाखा की टीम ने स्पर्म व्हेल मछली की उल्टी से निकलने वाली उपयोगी एंबरग्रीस बेचने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक गुजरात का रहने वाला है। मुखबिर से मिली जानकारी के बाद मुलुंड इलाके में छापेमारी कर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अपराध शाखा के डीसीपी प्रकाश जाधव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मुलुंड इलाके में छापेमारी की गई. जहां पर मौजूद तीन लोगों के पास से एक थैली में भूरा रंग का पदार्थ जब्त किया गया. साथ में मौजूद मरीन बायोलॉजिस्ट ने पुष्टि कर दी कि यह व्हेल मछली की उल्टी से निकलने वाली एंबरग्रीस है जो बाजार में काफी महंगे दामों में बिकती है। पुलिस ने 2.7 किलोग्राम वोमिट गोल्ड जब्त किया है। जिसकी कुल कीमत दो करोड़ सत्तर लाख रुपये है।गिरफ्तार रमेश वागेला, अरविंद शाह और धनाजी ठाकुर ने अपराध शाखा को बताया कि यह वोमिट गोल्ड एक दुर्लभ प्रजाति की स्पर्म वेल के शरीर से उल्टी के माध्यम से बाहर निकलता है, यह इतना हल्का होता है कि यह समुद्र की सतह पर तैरने लगता है। इसे वाइल्ड लाइफ कानून के तहत संरक्षित किया गया है और अगर कोई इसका गैरकानूनी तरीके से व्यापार करता हुआ पाया जाता है तो उसपर कानूनी करवाई की जाती है। जानकारी के मुताबिक इसका इस्तेमाल लाखों रुपए में बिकने वाले महंगे परफ्यूम में किया जाता। इसे महंगी शराब बनाने में, दवाइयां बनाने में और तो और महंगे सिगरेट बनाने में भी इस्तेमाल किया जाता है।