Latest News

मुंबई, मुंबई हवाई अड्डे से नवी मुंबई हवाई अड्डे पर कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का स्थानांतरण मार्च, 2027 तक टाल दिया गया है। अदाणी एयरपोर्ट्स ने मंगलवार को एयरलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद यह फैसला किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) अगले साल मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 (टी1) का नवीनीकरण शुरू करने वाली है। इसके मद्देनजर एयरलाइन कंपनियों से 25 अक्टूबर तक अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 33 प्रतिशत की कटौती करने या उन्हें नवी मुंबई हवाई अड्डे पर स्थानांतरित करने को कहा गया था। इसी दिन से शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम भी शुरू होना है।

एयरलाइन कंपनियों के विरोध के बाद मुंबई हवाई अड्डे ने उन्हें सूचित किया था कि इस योजना को लागू करने में कुछ सप्ताह की देरी होगी।

मुंबई और नवी मुंबई, दोनों हवाई अड्डे एएएचएल के तहत हैं। मुंबई हवाई अड्डे का संचालन मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) करती है। योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा के लिए एएएचएल के शीर्ष अधिकारियों और अन्य अधिकारियों ने मंगलवार को मुंबई में हवाई अड्डा परिचालन समिति (एओसी) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

यह बैठक छह अक्टूबर को नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद हुई।

उस बैठक में तय किया गया था कि उड़ानों को स्थानांतरित करने की योजना पर एयरलाइन कंपनियों के साथ चर्चा की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की बैठक में मुंबई से नवी मुंबई हवाई अड्डे पर कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का स्थानांतरण मार्च, 2027 में शुरू होने वाले ग्रीष्मकालीन उड़ान कार्यक्रम तक टालने का फैसला किया गया। एक सूत्र ने कहा कि टी1 के नवीनीकरण की पूरी योजना भी ग्रीष्मकालीन उड़ान कार्यक्रम तक टाली जा सकती है।

एमआईएएल के प्रवक्ता ने कहा, “जीत अदाणी और अरुण बंसल ने आज मुंबई हवाई अड्डे की एओसी के साथ बैठक की। उन्होंने एयरलाइन कंपनियों को आश्वासन दिया कि परिचालन में बाधा कम से कम रखी जाएगी और पहले से आवंटित स्लॉट का पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने यह भी प्रतिबद्धता जताई कि शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्लॉट में बदलाव नहीं किया जाएगा।”

प्रवक्ता के अनुसार, टी1 के पुराने बुनियादी ढांचे के पुनर्विकास की योजना तैयार करने के लिए अगले दो सप्ताह तक काम करने वाला एक संयुक्त कार्यसमूह बनाया जाएगा। एयरलाइन कंपनियों ने ग्रीष्मकालीन उड़ान कार्यक्रम से पुनर्विकास और यातायात के संतुलित बंटवारे की प्रक्रिया शुरू करने में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है।

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि नवी मुंबई हवाई अड्डे पर अपना कुछ परिचालन स्थानांतरित करने की इच्छुक किसी भी एयरलाइन कंपनी को एमआईएएल पूरा सहयोग देगी। एक अन्य सूत्र ने कहा कि एयरलाइन कंपनियों से अपने अंतरराष्ट्रीय परिचालन को चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित करने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, योजना को लागू करने के अंतिम स्वरूप पर 20 अक्टूबर को नागर विमानन सचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में फैसला किया जाएगा। विमानन कंपनियों ने एएएचएल से टी1 के नवीनीकरण की पूरी योजना उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।

सूत्रों ने बताया कि 20 अक्टूबर की बैठक के बाद लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए एएएचएल के अधिकारियों और एयरलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों की एक और बैठक 28 अक्टूबर को होगी। एमआईएएल के प्रवक्ता ने कहा कि मंगलवार की बैठक में दोनों पक्षों ने एक और बैठक 28 अक्टूबर को करने पर सहमति जताई।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement