Latest News

दिल्ली : पुरानी दिल्ली के हौज काजी के लालकुआं इलाके में रविवार देर रात को पार्किंग को लेकर स्थानीय निवासियों के दो गुटों में शुरू हुए विवाद ने साम्प्रदायिक रूप ले लिया। इस दौरान एक गुट ने इलाके में मौजूद धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। इसके चलते सोमवार को दोनों पक्षों में पथराव भी हुआ, जिसमें दो मीडियाकर्मी घायल हो गए। फिलहाल किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब दस बजे आस मोहम्मद नाम का युवक सड़क पर एक घर के सामने अपनी स्कूटी खड़ी कर रहा था। तभी वहां मौजूद संजीव गुप्ता ने इसका विरोध करते हुए कहा कि यह जगह उसके ठेले के लिए है। इसको लेकर दोनों में बात इतनी बढ़ गई और संजीव ने अपने साथियों के साथ मिलकर आस मोहम्मद की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद आस मोहम्मद घायल हालत में अपने घर पहुंचा और चार पांच दोस्तों के साथ वापस लौटा। उन्होंने संजीव एवं उसके साथियों की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद आस मोहम्मद शोर मचाता हुए थाने की तरफ भागा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आस मोहम्मद के साथ भीड़ जमा होती चली गई।

बताया जाता है कि भीड़ वापस लौटी और पहले आरोपी घर पर पथराव किया और बोतलें फेंकी। इसके बाद सामने वाली गली में मौजूद धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ कर दी। फिर भीड़ का हुजूम वापस थाने की तरफ लौटा और थाने को घेर लिया। उपद्रव की सूचना पाकर मध्य जिला के अलावा उत्तर जिला पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सोमवार को भी दोनों पक्षों ने बीच सड़क पर धरना दिया। फिलहाल पुलिस ने मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही दोनों पक्षों के एक-एक लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ के मामले की पुलिस अभी जांच कर रही है। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement