यूपीएससी और 'कौन बनेगा करोड़पति' का सपना टूटा, तो मुंबई में चोर बन गया शख्स; पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई : यूपीएससी की तैयारी करने वाले और मशहूर टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में किस्मत आजमा चुके एक शख्स को मुंबई पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मुंबई की एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शॉप से 5 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चुराने का आरोप है और वह पिछले एक साल से फरार चल रहा था।
सपनों के शहर से अपराध तक
पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय आरोपी सतीश कुमार कृष्णप्रसाद केसरी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह कम्प्यूटर साइंस में स्नातक है और आईएएस अधिकारी बनने की चाहत में दिल्ली आकर बस गया था। दिल्ली के उत्तम नगर में रहते हुए उसने यूपीएससी की परीक्षाओं की तैयारी की और अपना खर्च चलाने के लिए पार्ट-टाइम नौकरियां भी कीं, लेकिन कई कोशिशों के बावजूद उसे सफलता नहीं मिली।
इसके बाद उसने टीवी गेम शो कौन बनेगा करोड़पति में हिस्सा लेकर अपनी किस्मत बदलने की कोशिश की। हालांकि, किस्मत ने यहां भी उसका साथ नहीं दिया और वह फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड से आगे नहीं बढ़ पाया।
कर्ज में डूबने पर बनाया चोरी का प्लान
अकादमिक और ग्लैमर की दुनिया में असफल होने के बाद सतीश ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर टूर एंड ट्रैवल का बिजनेश शुरू किया। उसने भारी कर्ज लेकर 4-5 गाड़ियां खरीदीं और उन्हें ओला व उबर जैसे कैब प्लेटफॉर्म पर लगा दिया। लेकिन घाटा होने के कारण यह बिजनेस भी ठप्प हो गया और उस पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता चला गया।
हताश होकर सतीश ने कर्ज चुकाने के लिए एक प्लान बनाया। उसने योजना बनाई कि वह देश के अलग-अलग शहरों में ग्राहकों का भेष बदलकर बड़ी ज्वेलरी शॉप्स पर जाएगा और गहने देखने के बहाने उन्हें चुराकर फरार हो जाएगा।
मुंबई से चुराई चोरी
इसी योजना के तहत, पिछले साल 15 नवंबर को आरोपी मुंबई के कांदिवली वेस्ट स्थित पद्मावती ज्वेलर्स पहुंचा। वहां उसने ग्राहक बनकर 43.2 ग्राम वजन की एक सोने की चेन दिखाने को कहा और मौका मिलते ही दुकान से फरार हो गया।
शातिर आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए मुंबई के अपने हॉस्टल में एक फर्जी पहचान पत्र जमा कराया था। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन पूरी तरह बंद कर दिया और वापस दिल्ली आकर रहने लगा ताकि पुलिस से बच सके।