मुंबई: मानखुर्द-गोवंडी को नशामुक्त बनाने का मुहिम, विधायक अबू आसिम आजमी ने उठाया कदम; पुलिस का भी मिला साथ
मुंबई : मानखुर्द-गोवंडी में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की लत पर लगाम लगाने के लिए स्थानीय विधायक अबू आसिम आजमी ने नशे के खिलाफ मुहिम शुरू की है। गोवंडी को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से उन्होंने पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों को साथ लेकर जागरूकता अभियान चलाया।
रफीक नगर स्थित हाजी निसार अहमद मेडिकल सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में जोन-6 के डीसीपी समीर शेख ने आजमी की पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए जरूरी कदम बताया।
नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील
मुंबई के पूर्वी में हो रहे इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोन-6 के डीसीपी समीर शेख ने कहा कि नशा एक ऐसे राक्षस की तरह है, जो धीरे-धीरे आने वाली पीढ़ियों को खोखला कर रहा है। इसकी लत न केवल युवाओं के भविष्य को बर्बाद करती है, बल्कि परिवार और पूरे समाज पर भी नकारात्मक असर डालती है।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को खत्म करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। इसके लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को सही दिशा दिखाना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
अबू आसिम आजमी की युवाओं से अपील
विधायक अबू आसिम आजमी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति की जिंदगी को प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और खुशियों को भी बर्बाद कर देती है। नशे के कारण युवा अपनी शिक्षा, करियर और बेहतर भविष्य के अवसर खो सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएं। आजमी ने कहा कि शिक्षा और हुनर ही जीवन में आगे बढ़ने के मजबूत साधन हैं।
युवाओं को इन पर ध्यान देकर अपना भविष्य संवारना चाहिए। कार्यक्रम में अडिशनल सीपी धनंजय कुलकर्णी और मानखुर्द-शिवाजी नगर क्षेत्र के तीनों पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।