अंतरराष्ट्रीय मत्स्यालय का रास्ता साफ!
मुंबई, वर्ली में लंबे समय से प्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय मत्स्यालाय का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। वर्तमान में बंद पड़ी वर्ली डेयरी की ११ एकड़ जमीन पर मत्स्यालय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन संकुल स्थापित किया जाएगा। इस स्थान पर डेयरी के आरक्षण को बदल दिया गया है और इस संबंध में नगर विकास विभाग को अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। वर्ली आरे डेयरी के सामने ११ एकड़ जमीन पर परियोजना पिछले कई सालों से बंद है। समुद्र से लगे इस जमीन पर अंतरराष्ट्रीय मत्स्यालय बनाने का संकल्प शिवसेना ने लिया है। इस परियोजना को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने एक हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इस जगह पर डेयरी का रिजर्वेशन बदलने का इंतजार किया जा रहा था। तद्नुसार आगे की कार्रवाई की गई है और इस संदर्भ में नगर विकास विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर आपत्तियां एवं सुझाव मंगाए गए हैं।
मुंबई मनपा प्राधिकरण के तौर पर नियुक्त की गई है। इस जगह पर अब अंतर्राष्ट्रीय दर्जे का पर्यटन संकुल और मत्स्यालय बनाया जाएगा। यह जगह समुद्री संशोधन संस्था, मत्स्यालय और एक्जीबिशन सेंटर के लिए आरक्षित किया गया है। इस जगह पर आरे डेयरी दुग्ध विकास विभाग कार्यालय की इमारत विभाग के पास ही रहेगी। इस जगह मत्स्यालय के साथ पर्यटन संकुल का निर्माण करने के लिए मुंबई मनपा को प्राधिकरण के तौर पर नियुक्त किया गया है।
यह जगह समुद्र से लगे होने के कारण सीआरजेड नियमों के कारण मत्स्यालय का निर्माण करने में कुछ रुकावटें आने की संभावना थी लेकिन केंद्र सरकार के पर्यावरण विभाग ने हाल ही में सीआरजेड की मर्यादा ५०० मीटर से ५० मीटर किया है, इससे अब अंतरराष्ट्रीय मत्स्यालय के निर्माण को गति मिलेगी।