मुंबई : उच्च शिक्षा में एआई को मिलेगा बढ़ावा... एआई, डेटा एनालिटिक्स एंड डैशबोर्ड गवर्नेस कमेटी गठित
मुंबई : महाराष्ट्र के उच्च व तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा एनालिटिक्स के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने उच्च स्तरीय समिति गठित की है। एआई, डेटा एनालिटिक्स एंड डैशबोर्ड गवर्नेस कमेटी शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और डेटा आधारित बनाने के लिए विभागीय डैशबोर्ड व डिजिटल प्रणालियों में एआई, प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स और डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के उपयोग की रूपरेखा तैयार करेगी।
10 सदस्यीय समिति के अध्यक्ष कोल्हापुर स्थित शिवाजी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रजनीश कामत होंगे। समिति में उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के सह सचिव, उप सचिव, आईटी विशेषज्ञ और सांख्यिकी अधिकारी शामिल होंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय के परियोजना प्रबंधक प्रशांत सिनलकर को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग, निदेशालयों, मंडलों और विश्वविद्यालयों में एआई के इस्तेमाल की दीर्घकालिक रणनीति और रोडमैप तैयार करेगी। छात्रों के पंजीकरण, परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति, कॉलेजों की संबद्धता और शोध से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर डेटा आधारित निर्णय लेने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। समिति एआई और डैशबोर्ड के इस्तेमाल में साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उपाय सुझाएगी।