Latest News

मुंबई, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन स्टेशन के लिए पेड़ों को काटने के लिए नैशनल हायस्पीड रेलवे कॉर्पोरेशन ने बीएमसी से अनुमति मांगी है। साथ ही, मेट्रो निर्माण के बीच में बाधा बन रहे पेड़ों को भी काटने की अनुमति मांगी गई है। गोरेगांव में मेट्रो कॉर्पोरेशन के लिए पेड़ों को काटने की अनुमति देने में रोड़ा अटकाने वाली शिवसेना बुलेट ट्रेन के पेड़ को काटने में क्या भूमिका अपनाती है, इस पर सबकी नजर टिकी है।
नैशनल हायस्पीड रेलवे कॉरपोरेशन ने बीएमसी प्रशासन को सौंपे प्रस्ताव में 11 पेड़ों को काटने और 141 पेड़ों को दूसरी जगह पर लगाने की अनुमति मांगी है। बीएमसी ने पेड़ों को काटने की मांगी अनुमति पर आम जनता से सुझाव व आपत्तियां मंगाई हैं, जिसकी सुनवाई भायखला स्थित जिजाबाई भोसले उद्यान के उद्यान विभाग में होगी।
लोगों की सूचना के बाद प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए बीएमसी के वृक्ष प्राधिकरण समिति के पटल पर रखा जाएगा, जिसके अध्यक्ष बीएमसी कमिश्नर हैं। वहीं, अंधेरी मेट्रो स्टेशन से हवाई अड्डे तक बन रही मेट्रो 7 ए के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के 139 पेड़ बाधा बन रहे हैं, जिन्हें काटने की अनुमति मांगी गई है।
ठाणे महानगर पालिका में सत्तासीन शिवसेना ने पिछले दिनों दिवा में बुलेट ट्रेन के लिए जमीन आवंटित की है। ठाणे में बुलेट ट्रेन के लिए शिवसेना के लचीले रवैये को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि बीकेसी में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के स्टेशन के लिए शिवसेना नरम रुख अपना सकती है। शिवसेना नेता एवं पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे कई बार कह चुके हैं कि उनकी पार्टी विकास विरोधी नहीं है, लेकिन पर्यावरण को नुकसान पहुंचा कर विकास करना उनकी प्राथमिकता नहीं है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement