Latest News

मुंबई : राज्य में कोरोना मरीजों की बढ़ती हुई संख्या के मद्देनजर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी ने अगले दो सप्ताह तक लगने वाले जनता दरबार को स्थगित कर दिया है। आपको बता दें कि एनसीपी के तीन बड़े नेता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष और जलसंपदा मंत्री जयंत पाटिल, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे और जलगांव एनसीपी के बड़े नेता एकनाथ खडसे का नाम शामिल है।

महाराष्ट्र की आम जनता की समस्याओं को जानने, समझने और उनके निराकरण के लिए एनसीपी के नेता और मंत्री जनता दरबार लगाते थे। फिलहाल कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जनता दरबार को अब 15 दिनों तक नहीं लगाया जाएगा। एनसीपी ने इस बाबत ट्विटर पर भी अधिकृत रूप से यह जानकारी साझा की है। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के आदेश पर यह जनता दरबार स्थगित किया गया है।

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में 5,427 नए मामले सामने आए हैं। वहीं राज्य में अब तक कुल मरीजों की संख्या 20,81,520 तक पहुंच गई है। राज्य में बीते 24 घंटों में 38 लोगों की मौत हुई है। जबकि राज्य में अब तक कुल 51,669 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। राज्य में फिलहाल एक्टिव मरीजों की संख्या 40,858 है।

मुंबई में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों में 736 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। जबकि चार मरीजों की मौत हुई है। जिसकी वजह से बीएमसी की मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं। मुंबई में अब तक कुल मामले 3,16,487 तक पहुंच गए हैं। जबकि शहर में अब तक 11,432 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। 



Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement