दादर से माहिम काजवे तक बदलेगा लुक
मुंबई : पर्यटन मंत्री और मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आदित्य ठाकरे ने सोमवार को दादर से माहिम के बीच मैराथन दौरा किया। उन्होंने इस बीच जारी सभी विकास कार्यों का जायजा लिया।
आदित्य ठाकरे ने दौरे के समय माहिम चौपाटी, छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क का नवीनीकरण, दादर तिलक ब्रिज पर ट्रैफिक मैनेजमेंट और वीर कोतवाल उद्यान (प्लाजा) रेनोवेशन आदि कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यों के प्रस्तावों पर चर्चा भी की।
आदित्य ठाकरे ने निरीक्षण दौरे की शुरुआत माहिम बीच से की। उन्होंने कहा कि माहिम चौपाटी पर २,४६० वर्ग मीटर क्षेत्रफल का सुंदरीकरण किया जा रहा है। आनेवाले कुछ दिनों में माहिम चौपाटी का चेहरा बदला होगा। पर्यटन मंत्री ने कुछ महीने पहले यहां एक वृक्षारोपण किया था, जिसे एक अभियान के रूप में चलाकर २,२०० से अधिक वृक्ष लगाए गए ताकि पर्यटक हरे-भरे चौपाटी का आनंद ले सकें। समुद्र के पास सी-फेस पर एक ओपन जिम भी बनाया जाएगा। साथ ही वॉच टॉवर जैसा अनोखा आइडिया यहां साकार होगा।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने मनपा उपायुक्त विजय बालमवार और सहायक आयुक्त किरण दिघावकर के साथ बांद्रा किले से माहिम किले तक प्रस्तावित ५ किलोमीटर साइकिल ट्रैक के बारे में भी चर्चा की। उसके बाद उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान का दौरा किया। यहां पहुंचते ही वे हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर नतमस्तक हुए। इस मौके पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि इस मैदान का खेल, संस्कृति और राजनीति का समृद्ध इतिहास है। इसे कायम रखेंगे। यहां कई लोग सुबह और शाम टहलने और दौड़ने के लिए आते हैं। मैदान में धूल उड़ने से रोकने के उपायों पर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।