ठाणे : कलवा में 26.81 लाख का गुटखा जब्त, दो गिरफ्तार
ठाणे : महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बेचने के लिए ले जा रहे दो लोगों को कलवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खारेगांव टोलनाका के पास हुई कार्रवाई में 12.71 लाख रुपए का गुटखा और दो वैनआर कार समेत कुल 26.81 लाख रुपए का माल जब्त किया गया। पुलिस को 16 सितंबर की सुबह गुटखे की अवैध ढुलाई की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने खारेगांव टोलनाका पर जाल बिछाया। सुबह करीब 6.30 बजे दोनों आरोपियों को कारों के साथ पकड़ लिया गया।
तलाशी में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला मिला। पुलिस ने माल और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। इस मामले में कळवा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त संकेत देवलेकर और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रतापराव भोसले के मार्गदर्शन में हुई। सहायक पुलिस निरीक्षक आर. के. गायकवाड़ के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। मामले की जांच गायकवाड़ कर रहे हैं।