मुंबई : तड़ीपार गैंगस्टर को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, 6 गिरफ्तार
मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई गणपति बप्पा के प्रति आस्था एक कुख्यात तड़ीपार गैंगस्टर को भारी पड़ गई.मानखुर्द इलाके में गणपति विसर्जन जुलूस में शामिल होने पहुंचे मकोका आरोपी और तड़ीपार गैंगस्टर श्रवण जनार्दन चव्हाण (26) को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर उसके परिजनों और समर्थकों ने हमला कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर बरसाए और घूंसे से हमला किया. इस दौरान एक महिला ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी की आंख पर जोरदार मुक्का मार दिया, जिससे अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले में पुलिस ने तड़ीपार आरोपी श्रवण चव्हाण समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गणपति विसर्जन जुलूस में पहुंचा था तड़ीपार आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रवण चव्हाण को मुंबई और ठाणे से जून 2027 तक तड़ीपार किया गया है. इसके बावजूद वह गणपति उत्सव के दौरान चोरी-छिपे मानखुर्द-गोवंडी इलाके में पहुंचा था. पुलिस को सूचना मिली थी कि गणपति बप्पा के प्रति अपनी आस्था के चलते वह एकता मित्र मंडल के गणेशोत्सव और विसर्जन जुलूस में शामिल हो सकता है.
सूचना के आधार पर पुलिस ने पी. एल. लोखंडे मार्ग और गायकवाड़ नगर इलाके में जाल बिछाया. जैसे ही श्रवण चव्हाण विसर्जन जुलूस में पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे घेर लिया और हिरासत में लेने की कोशिश शुरू कर दी.
आरोपी ने कांस्टेबल का गला दबाने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार, श्रवण को हिरासत में लेकर जाने के दौरान उसके परिजन और समर्थक अचानक उग्र हो गए. इसी दौरान श्रवण ने कांस्टेबल सुनील सोनावणे पर हमला करते हुए उनका गला दबाने की कोशिश की. आरोप है कि उसने कांस्टेबल के गले और छाती पर नाखूनों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया.
इसके बाद मौके पर मौजूद उसके परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम को घेर लिया और पत्थरों तथा घूंसों से हमला शुरू कर दिया. हमलावरों ने पुलिस वाहनों पर भी पथराव किया. इसी दौरान भीड़ में शामिल एक महिला ने एक पुलिस अधिकारी की आंख पर जोरदार मुक्का मार दिया। चोट लगने से अधिकारी की आंख में गंभीर चोट आई है.
पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर 6 आरोपियों को दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्रवण चव्हाण, उसके साथी समाधान पांडुरंग वाघमारे समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
हमले में घायल पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल सुनील सोनावणे को इलाज के लिए शताब्दी अस्पताल ले जाया गया है.पुलिस अधिकारी की आंख में आई चोट को देखते हुए डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं.
हत्या से लेकर मकोका तक कई गंभीर मामले
पुलिस के मुताबिक, श्रवण चव्हाण के खिलाफ वर्ष 2011 से 2020 के बीच हत्या, हत्या के प्रयास, एक्सटॉर्शन, डकैती और मकोका जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं. वर्ष 2022 में आर्थर रोड जेल में बंद रहने के दौरान भी उस पर जेलकर्मी से मारपीट करने का आरोप लगा था.
अब मानखुर्द की इस घटना में पुलिस ने श्रवण समेत सभी 6 आरोपियों के खिलाफ तड़ीपारी के आदेश का उल्लंघन, सरकारी कर्मचारी पर हमला, दंगा और पुलिस टीम पर पथराव समेत कई गंभीर धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पुलिस टीम पर हुए हमले में और कितने लोग शामिल थे.