६ से ८ नवंबर के बीच तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी
वसई : अरब सागर में बने तूफान के कारण ६ से ८ नवंबर के बीच तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। पालघर जिले में इस `महा’ चक्रवात के कारण एहतियात के तौर पर जिलाधिकारी डॉ. वैâलाश शिंदे ने ६ से ८ नवंबर तक स्कूल-कॉलेज को बंद रखने का आदेश जारी किया है। खतरे के मद्देनजर शहर की सभी सरकारी एजेंसियों को एलर्टमोड पर रखा गया है।
जिला अधिकारी वैâलास शिंदे ने एलर्ट जारी कर मछुआरों को मछली पकड़ने के लिए दो से तीन दिन तक समुद्र में न जाने का निर्देश दिया है। जो मछुआरे पहले ही समुद्र में जा चुके हैं, उन्हें तुरंत लौटने का सुझाव दिया गया है। जिला अधिकारी वैâलाश शिंदे ने पालघर जिला के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।
वसई-विरार मनपा स्वास्थ्य अधिकारी तबस्सुम काझी ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर २४ घंटे डॉक्टर और अग्निशमन दल के विभाग को एलर्ट पर रखा गया है। वसई विभागीय अधिकारी स्वप्निल तांगडे ने बताया कि समुद्र के किनारे रहनेवाले गांववालों को एलर्ट किया गया है। समुद्र के किनारे होटल, रिसॉर्ट को तीन दिन बंद रखने का आदेश दिया गया। रिसॉर्ट और होटल में रह रहे लोगों को होटल खाली कराने को कहा गया है।
शिक्षा अधिकारी लता सानप ने बताया कि सभी स्कूल के अधिकारी-कर्मचारी की छुट्टी रद्द कर दी गई है। तीन दिनों के लिए स्कूल, कॉलेज को बंद किया गया है।
पालघर जिले में कुल ६७ गांव समुद्र तट पर हैं इसलिए यहां पर कई सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। गांवों में अस्थायी आश्रय की व्यवस्था की गई है। पालघर में कुल २,७७४ मछली पकड़नेवाली नावें हैं, जिनमें से २८८ नावें समुद्र में जा चुकी हैं। इनमें से १५० दैनिक आने-जानेवाली यात्री बोटें हैं, जो जल्द लौट सकती हैं। हालांकि १३८ नाव १० समुद्री मील के भीतर मछली पकड़ने चले गए हैं, जिनकी वापसी के लिए प्रशासन द्वारा का प्रयास किया जा रहा है।