करवा चौथ पर प्रेमी से मिलने आगरा आई जबलपुर की महिला
आगरा में मध्य प्रदेश के जबलपुर की महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीमेंट कंपनी के मैनेजर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अब शादी से इंकार कर रहा है। पीड़िता ने थाना ताजगंज में शिकायत की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। मूलरूप से यूपी के जौनपुर की महिला जबलपुर में रहती है। उसकी शादी सात साल पहले हुई थी। मगर, चार साल पहले पति से विवाद होने पर अलग रहने लगी। उसका एक बेटा भी है। महिला का आरोप है कि उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। युवक एक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
शादी का वादा कर किया दुष्कर्म
युवक ने महिला से शादी का वायदा किया था। इसके बाद अपने साथ रखने लगा। इस दौरान दुष्कर्म भी किया। डेढ़ साल पहले उसका तबादला आगरा में हो गया। वह ताजगंज क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा है। गुरुवार को महिला प्रेमी से मिलने आई थी। जहां वह उसे अपने मकान में ले गया। यहां महिला को पता चला कि युवक के संबंध कई और युवतियों से भी हैं। इसका विरोध करने पर युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर महिला थाना ताजगंज पहुंच गई। जहां पुलिस ने युवक को भी बुला लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला ने मौखिक शिकायत की है। जांच की जा रही है। अगर महिला लिखित में शिकायत देती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।