दिवाली से पहले वेतन की मांग कर रहे फैक्टरी कर्मचारी को मारी गोली
आगरा के रुनकता स्थित एक वाटर पार्क के परिसर में दिवाली के मौके पर वेतन की मांग कर रहे फैक्टरी के कर्मचारी को गोली मार दी गई। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारी साथियों संग धरना दे रहा था। तभी सुरक्षा प्रभारी ने लाइसेंस पिस्टल से फायरिंग कर दी। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मथुरा के थाना फरह के गांव सनौटा निवासी मेघ श्याम (42) रुनकता स्थित आरसीसी ईको बिल्ड सिस्टम कंपनी में कर्मचारी है। कंपनी बंद पड़े वाटर पार्क में संचालित हो रही है। फैक्टरी में लोहे का सामान बनाया जाता है। आरोप के मुताबिक, फैक्टरी में 35 कर्मचारी काम करते हैं। मगर, कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन नहीं मिला है।
बुधवार को कर्मचारी धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा प्रभारी गांव तोरा निवासी मनोज दीक्षित आ गया। कर्मचारियों का उससे विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान उसने लाइसेंसी पिस्टल से मेघश्याम को गोली मार दी। गोली उसके सीधे हाथ को छूती हुई निकल गई। वो घायल हो गया। इससे अफरातफरी मच गई।
कर्मचारी घायल मेघ श्याम को निजी अस्पताल में ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। चौकी रुनकता के प्रभारी ने बताया कि मनोज को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसकी लाइसेंस पिस्टल को जब्त कर लिया गया है।