खुला कच्चा दूध खरीदने से बचने की सलाह; 100 फीसदी शुद्ध घी' के दावों पर भरोसा न करने की चेतावनी
मुंबई : महाराष्ट्र में दूध, घी और खाद्य तेल खरीदने वाले उपभोक्ताओं को खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की आशंका को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं।
उन्होंने लोगों से दुकानों पर खुले में बिकने वाला कच्चा दूध खरीदने से बचने की अपील की है। साथ ही दूध की खरीदारी से लेकर उसके रखरखाव तक जरूरी सावधानियां बरतने पर जोर दिया है।
खुला कच्चा दूध खरीदने से बचें
तुकाराम मुंढे के मुताबिक, उपभोक्ताओं को दुकान से खुला कच्चा दूध खरीदने से बचना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति किसान से सीधे कच्चा दूध खरीदता है, तो इस्तेमाल करने से पहले उसे अच्छी तरह उबालना जरूरी है। वहीं, पाश्चरीकृत दूध हमेशा सीलबंद थैली या पैकेट में ही खरीदना चाहिए। दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उसका उचित तापमान पर भंडारण भी बेहद जरूरी है।
दूध का तापमान 4 डिग्री से ज्यादा न हो
एफडीए आयुक्त ने दूध के रखरखाव में तापमान की अहमियत बताते हुए कहा कि दूध को 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान पर रखा जाना चाहिए। गाय या भैंस का दूध निकालने के बाद यदि उसे सामान्य तापमान पर दो घंटे से अधिक समय तक रखा जाता है, तो उसमें अम्लता बढ़ने लगती है। इससे दूध की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
केट पर एक्सपायरी डेट जरूर जांचें
मुंढे ने उपभोक्ताओं को दूध खरीदते समय पैकेट पर उत्पादन और समाप्ति की तारीख जांचने की सलाह दी है। दूध डेयरी से दुकान तक पहुंचने के दौरान कई चरणों से गुजरता है। ऐसे में दूध के टैंकर, दुकानों के रेफ्रिजरेटर और अन्य भंडारण व्यवस्थाओं में निर्धारित तापमान का पालन होना जरूरी है। तापमान में लापरवाही से दूध की गुणवत्ता खराब हो सकती है।
100 फीसदी शुद्ध घी के दावों से रहें सावधान
घी और दूसरे खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर भी एफडीए आयुक्त ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि '100 फीसदी शुद्ध घी' या दूध जैसे आकर्षक दावों के आधार पर ग्राहकों को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए। उपभोक्ताओं को ऐसे दावों पर आंख बंद करके भरोसा करने के बजाय उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबल की जानकारी जांचकर ही खरीदारी करनी चाहिए।