Latest News

मुंबई : सर्वाधिक अरबपतियों की नगरी और देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मायानगरी मुंबई में एक ओर विकास और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर हजारों बच्चे कुपोषण की समस्या से जूझ रहे हैं।

मुंबई के झोपड़पट्टी इलाकों में मध्यम कुपोषण से प्रभावित बच्चों की संख्या 5 हजार तक पहुंचने का खुलासा होने के बाद प्रशासन में चिंता बढ़ गई है।

कुपोषणमुक्त मुंबई के लिए स्वतंत्र अभियान

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुंबई उपनगर जिले के पालकमंत्री एडवोकेट आशीष शेलार ने अब 'कुपोषणमुक्त मुंबई' के लिए स्वतंत्र अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने झोपड़पट्टी पुनर्विकास प्राधिकरण (SRA) को इस संबंध में 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर पेश करने को कहा है।

मुंबई में कुपोषित बच्चों की संख्या और उनकी स्थिति सुधारने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा बैठक में पालकमंत्री शेलार ने संबंधित अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगर में 5 हजार बच्चों का मध्यम कुपोषण से प्रभावित होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। इस स्थिति को बदलने के लिए सभी संबंधित सरकारी विभागों और एजेंसियों को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे।

झोपड़पट्टियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

पालकमंत्री ने कहा कि जिस तरह एसआरए ने 'झोपड़पट्टीमुक्त मुंबई' का संकल्प लिया है, उसी तरह अब उसे 'कुपोषणमुक्त मुंबई' का स्वतंत्र कार्यक्रम भी शुरू करना चाहिए। एसआरए की झोपड़पट्टी पुनर्विकास योजनाओं वाले क्षेत्रों में कुपोषित बच्चों की संख्या कम करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए मुंबई मनपा, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement