Latest News

मुंबई : मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिला और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी महिला और दिव्यांग कोच में पैनिक बटन, इमरजेंसी टॉकबैक सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग शिवसेना नेता और विधान परिषद की पूर्व उपसभापति डॉ. नीलम गोऱ्हे ने की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तत्काल ठोस कदम उठाने की अपील की है।

डॉ. गोऱ्हे ने 4 नवंबर 2026 को हुई नायगांव रेल घटना का उल्लेख करते हुए पीड़िता को न्याय, आर्थिक सहायता और बेहतर पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

बोरीवली-विरार लोकल ट्रेन में शर्मनाक घटना

4 नवंबर को बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में एक युवती के साथ छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर आरोपी ने उसे नायगांव रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर धक्का दे दिया। इस दर्दनाक घटना में युवती का बायां हाथ कोहनी से काटना पड़ा, जबकि सिर में 16 टांके आए। घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए डॉ. गोऱ्हे ने पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।

आरोपी पर सख्त कार्रवाई और पीड़िता को आर्थिक मदद मिले

डॉ. नीलम गोऱ्हे ने पत्र में कहा है कि आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके खिलाफ BNS की धारा 109 के तहत सख्त कार्रवाई की जाए और मामले की सुनवाई में तेजी लाकर पीड़िता को जल्द न्याय दिलाया जाए। इसके साथ ही रेलवे प्रशासन पीड़िता के इलाज, कृत्रिम हाथ लगवाने और लंबे समय तक पुनर्वास के लिए विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए।

पैनिक बटन दबाते ही मिलेगी तत्काल मदद

डॉ. गोऱ्हे ने कहा कि मुंबई उपनगरीय रेलवे के कुछ डिब्बों में आपातकालीन संपर्क व्यवस्था मौजूद है, लेकिन इसे सभी महिला और दिव्यांग कोच में लागू करना जरूरी है। पैनिक बटन दबाते ही मोटरमैन, ट्रेन मैनेजर, RPF और रेलवे पुलिस को तुरंत अलर्ट मिलना चाहिए, ताकि जरूरतमंद यात्री तक बिना देरी के सहायता पहुंच सके।

उन्होंने यह भी कहा कि इन सभी सुरक्षा प्रणालियों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि आपात स्थिति में वे पूरी तरह काम करें।

सीसीटीवी और पुलिस गश्त बढ़ाने पर भी जोर

डॉ. गोऱ्हे ने महिला और दिव्यांग कोच में सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने और रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 139 की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा, "महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और निर्भय होकर यात्रा करने का अवसर देना रेलवे प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। नायगांव जैसी गंभीर घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है।"

डॉ. गोऱ्हे ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर पीड़िता को न्याय और उचित सहायता दिलाने के साथ ही मुंबई की उपनगरीय रेल सेवाओं में महिला एवं दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करने की मांग की है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement