मुंबई : दिवाली के 5 दिनों में निकला 36 हजार टन से ज्यादा कचरा, सामान्य से 443 टन अधिक
मुंबई : दिवाली के दौरान जब पूरा शहर रोशनी और जश्न में डूबा था, तब मुंबई महानगरपालिका के सफाईकर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिए लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे। बीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक, 7 से 11 नवंबर के बीच पांच दिनों में शहर से कुल 36,445.06 मीट्रिक टन कचरा इकट्ठा कर उसका परिवहन किया गया। यह सामान्य औसत के मुकाबले करीब 443 मीट्रिक टन अधिक है।
बीएमसी ने इस पांच दिवसीय अवधि में कचरे के परिवहन के लिए कुल 6,787 फेरे लगाए। अक्टूबर में दर्ज औसत दैनिक कचरा संग्रहण 7,200.40 मीट्रिक टन था। इस हिसाब से पांच दिनों में करीब 36,002 मीट्रिक टन कचरा जमा होने का अनुमान था। हालांकि, दिवाली के दौरान पटाखों के अवशेष, गिफ्ट बॉक्स, पैकेजिंग सामग्री और अन्य त्योहार संबंधी कचरे के कारण यह मात्रा बढ़ गई।
7 नवंबर को सबसे ज्यादा कचरा जमा
बीएमसी के अनुसार, मुंबई शहर में पांच दिनों में सबसे ज्यादा कचरा 7 नवंबर को इकट्ठा किया गया। इस दिन 1,399 फेरों के जरिए 7,810.26 मीट्रिक टन कचरा उठाया गया। यह सामान्य दैनिक औसत से करीब 610 मीट्रिक टन अधिक था।
सड़कों से लेकर बाजारों तक सफाई अभियान
त्योहार के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएमसी ने अपने सफाई कर्मचारियों को सड़कों की नियमित सफाई, घर-घर से कचरा संग्रहण और कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों की सफाई में लगाया। सड़कों, बाजारों, रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान जारी रखा गया, ताकि त्योहार के बाद कचरे का ढेर न लगे।
नागरिकों से कचरा अलग-अलग रखने की अपील
बृहन्मुंबई मनपा ने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा केवल अधिकृत कर्मचारियों को सौंपने और खुले में कचरा फेंकने या जलाने से बचने की अपील की है।
दिवाली के दौरान बढ़े कचरे के बावजूद बीएमसी ने शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया। सफाईकर्मियों ने सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में लगातार सफाई अभियान चलाया। घर-घर से कचरा इकट्ठा करने के साथ ही कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों को भी साफ किया गया। बीएमसी ने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा अधिकृत कर्मचारियों को ही कचरा सौंपने की अपील की है।