रिक्शाचालक को महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया
मुंबई : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कांदिवली इलाके में पुलिस ने एक 33 वर्षीय रिक्शाचालक को महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑटोचालक का नाम संदीप शुक्ला है। संदीप पर आरोप है कि वह अपने ऑटो में एक युवती को देखकर हस्तमैथुन करने लगा। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आरोपी संदीप शुक्ला 23 वर्षीय एक युवती को कांदिवली स्टेशन से घर छोड़ने के लिए जा रहा था। रास्ते में वह अपने ऑटो में लगे आईने से युवती को देखकर उत्तेजित हो गया और हस्तमैथुन करने लगा। पीड़ित युवती यह देखकर डर गई और बीच रास्ते में ही ऑटो से उतर गई।
मुंबई पुलिस के अनुसार, इस घटना से पीड़िता इतनी सहमी हुई थी कि उसने घरवालों को भी यह बात नहीं बताई। वारदात के तीन-चार दिन बाद पीड़िता ने अपनी सहेली से इस घटना का जिक्र किया। सहेली ने मुंबई पुलिस को ट्वीट कर घटना की जानकारी दी। मुंबई पुलिस के सोशल मीडिया सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच की। पुलिस ने जांच में लड़की की शिकायत को सही पाया और आरोपी संदीप शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। कांदिवली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।