Latest News

मुंबई : मुंबई के कांदिवली इलाके में ओवरसीज एजुकेशन कंसल्टेंसी से जुड़े एक बड़े फ्रॉड मामले में चारकोप पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए एडमिशन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला श्रद्धा विट्ठल गाडेकर पिछले लगभग पांच महीनों से फरार चल रही थी और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। यह मामला उस समय सामने आया जब कांदिवली निवासी डॉ. नेहल जोशी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी के नीदरलैंड्स की विटनबोर्ग यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ ट्रेड एंड लॉजिस्टिक्स कोर्स में एडमिशन के लिए एक कंसल्टेंसी फर्म “करियर एंड ऑप्शंस” से संपर्क किया था। इस फर्म ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी बेटी का एडमिशन सुनिश्चित हो जाएगा और इसके लिए उन्हें फीस जमा करनी होगी।

फर्म की बातों पर भरोसा करते हुए डॉ. जोशी ने पहले शिक्षा ऋण लिया और फिर फर्म के बैंक खाते में ₹10 लाख से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो एडमिशन हुआ और न ही कोई ठोस प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसके बाद उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि यह एक संगठित ठगी का मामला हो सकता है। फर्म के मालिक स्टेला राकेश मेहता और राकेश मेहता भी इस मामले में सह-आरोपी हैं, लेकिन दोनों अभी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि यह कपल पहले भी इसी तरह के मामलों में शामिल रहा है और इनके खिलाफ मुंबई तथा ठाणे में भी कई शिकायतें दर्ज हैं।

चारकोप पुलिस ने जांच में यह भी पाया कि आरोपियों ने कई अन्य छात्रों और अभिभावकों को विदेश में पढ़ाई के नाम पर ठगा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गई हैं। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement