कल्याण : सिलेंडर लीक के बाद गैरेज में भीषण आग... तीन झुलसे
कल्याण : कल्याण पूर्व के श्रीमलंग रोड स्थित चेतना स्कूल के पास शास्त्रीनगर इलाके में शुक्रवार को गैस सिलेंडर लीक होने के बाद एक गैरेज में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग के दौरान हुए जोरदार विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में विशाल वासने सहित तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। इनमें नरेंद्र गायकवाड़ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चेतना शास्त्रीनगर परिसर में स्थित विशाल वासने के गैरेज में गैस सिलेंडर से रिसाव होने के बाद अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गैरेज के आसपास खड़ी तीन रिक्शाओं और कुछ मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचा। गैरेज और घर को भी काफी क्षति होने की जानकारी सामने आई है। दमकल विभाग के प्रमुख नामदेव चौधरी के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोग गैरेज के कर्मचारी नहीं थे। वे आसपास के रहवासी थे, जो आग लगने के बाद घटनास्थल का वीडियो बना रहे थे।