Latest News

मुंबई। स्पाइस जेट की तीन उड़ानें एक साथ रद होने के बाद मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 के बाहर स्पाइस जेट के यात्रियों ने गुरुवार को 9 घंटे तक हवाई अड्डे के अंदर और फिर 8 घंटे तक बाहर इंतजार किया।  इस दौरान उनकी निराशा इस हद तक बढ़ गई कि उन्होंने हवाई अड्डे के काउंटर पर चिल्लाना और धक्का देना शुरू कर दिया। किसी को अंतिम संस्कार में पहुंचना था तो किसी को अपनी ही शादी में समय से नहीं पहुंचने का मलाल था।

बुधवार की शाम से स्पाइस जेट ने कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी का सामना किया, जिसे एयरलाइन ने मौसम से संबंधित समस्याओं के रूप में बताया। बुधवार को हुई देरी के संबंध में एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, ''मुंबई से तीन स्पाइस जेट उड़ानें, एसजी631 (मुंबई से दिल्ली), एसजी553 (मुंबई से गोरखपुर) और एसजी669 (मुंबई से बेंगलुरु), 29 अप्रैल को परिचालन कारणों से रद की गईं, जिसमें एक विमान का ग्राउंडिंग और पिछले स्टेशन (बागडोगरा) पर प्रतिकूल मौसम शामिल था। एयरलाइन गुरुवार को प्रभावित यात्रियों के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित कर रही है।''

एयरलाइन ने कहा कि मुंबई से अहमदाबाद की दो उड़ानें पिछले स्टेशनों वाराणसी और बागडोगरा में प्रतिकूल मौसम के कारण देरी का सामना कर रही थीं, जिससे दोनों विमानों की उड़ान में देरी हुई। लेकिन इस देरी का प्रभाव टर्मिनल-1 पर देखा गया, जहां यात्रियों ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने के दौरान अपनी कने¨क्टग उड़ानें मिस कर दीं।

दुबई से मुंबई की फ्लाइट में लगभग 30 अन्य लोगों के साथ आए यात्री पप्पू कुमार गुप्ता ने कहा, ''हमारी उड़ान बुधवार को रात 11:30 बजे निकलने वाली थी, लेकिन यह गुरुवार को सुबह 4:30 बजे उड़ान भरी। जब मुंबई पहुंचे, तो हमें बताया गया कि पटना जाने के लिए कल तक कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने हमें कोई आवास या पानी या खाना भी नहीं दिया।''

उसी उड़ान के एक अन्य यात्री रसिक वाणी की स्थिति अधिक गंभीर थी। उनकी शादी गुरुवार की रात श्रीनगर में होने थी और उन्हें अपनी शादी में पहुंचने के लिए देर हो रही थी क्योंकि एयरलाइन ने उन्हें जो वैकल्पिक उड़ान दी थी, वह शुक्रवार की सुबह 9 बजे उड़ान भरने वाली थी। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी शादी के लिए लेट हूं क्योंकि मेरी मंगेतर देश के दूसरे छोर पर मेरा इंतजार कर रही है।'' वाणी यहां मुंबई हवाई अड्डे के बाहर 10 घंटे से खड़े हैं।

एक अन्य यात्री पवन कुमार शर्मा ने गुरुवार की सुबह अपने पिता को खो दिया और उन्हें यह खबर ठीक उसी समय मिली जब वह सुबह 4 बजे उड़ान भरने वाले थे। उन्होंने अपने पिता की स्थिति बिगड़ने पर अंतिम समय में उड़ान के टिकट पर 40 हजार खर्च किए। अब वह पटना के करीब की किसी फ्लाइट की भीख मांग रहे हैं तो एयरलाइंस का कहना है कि कल सुबह तक कोई फ्लाइट नहीं है। उन्होंने कहा, ''2 महीने पहले मैंने अपनी मां को खो दिया और मैं पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण भारत नहीं आ सका। इस बार भी मैं अपने पिता के अंतिम संस्कार में जल्दी नहीं पहुंच पा रहा हूं। जबकि एयरलाइन नई उड़ानों को शेड्यूल में जोड़ रही है और नई बुकिंग ले रही है।''


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement