एआईएमआईएम पार्षद ने दफ्तर में लगाई ओवैसी के साथ कुख्यात हिस्ट्रीशीटर की तस्वीर, गरमाई राजनीति
मुंबई : नगर निगम चुनाव में पहली बार वार्ड समिति अध्यक्ष का पद जीतने वाली एआईएमआईएम पार्षद खैरुन्निसा अख्तर हुसैन विवादों में घिर गई हैं. उन्होंने अपने कार्यालय की दीवार पर पार्टी अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की तस्वीर के साथ अपने पति अकबर हुसैन की तस्वीर भी लगा दी है. अकबर हुसैन के आपराधिक इतिहास को लेकर सरकारी दफ्तर में लगाई गई तस्वीर पर विवाद शुरू हो गया है. भाजपा ने सरकारी दफ्तर में अबकर हुसैन की तस्वीर लगाने जाने पर आपत्ति जताई. विवाद के बाद यह तस्वीर दफ्तर से हटा दी गई है. लेकिन तस्वीरें सामने आने के बाद मायानगरी की राजनीति गरमा गई है.
मुंबई नगर निगम में एआईएमआईएम ने जीते 8 वार्ड पार्षद
मालूम हो कि इस साल मुंबई नगर निगम चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी के 8 पार्षद चुने गए हैं. इसमें मुंबई के एम-ईस्ट वार्ड (गोवंडी और देवनार वार्ड) से खैरुन्निसा हुसैन ने चुनाव जीता था. चुनाव जीतने के बाद बीते दिनों खैरुन्निसा हुसैन ने अपने कार्यालय की दीवार पर पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ अपने पति अकबर हुसैन की तस्वीर लगा दी.
भाजपा ने आपत्ति जताते हुए किया विरोध
भाजपा ने तुरंत आपत्ति जताते हुए कहा कि अकबर हुसैन को आपराधिक रिकॉर्ड के कारण शहर में प्रवेश करने से कानूनी रूप से प्रतिबंधित किया गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि कानून द्वारा प्रतिबंधित व्यक्ति की तस्वीर सरकारी कार्यालय में कैसे लगाई जा सकती है? मामले को और बिगड़ने से बचाने के लिए एआईएमआईएम नेतृत्व ने हस्तक्षेप किया और तस्वीर हटाने का आदेश दिया.
तब से तस्वीर हटा दी गई है, लेकिन इस घटना ने शहर में एक तीखी राजनीतिक बहस छेड़ दी है. मालूम हो कि अकबर हुसैन एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है. पुलिस रिकॉर्ड में उसे राजू बटला के नाम से भी जाना जाता है. उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और तस्करी सहित 23 से अधिक मामले दर्ज हैं.
आप प्रवक्ता ने कहा- आडवाणी की हत्या की साजिश में हुआ था गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रीति शर्मा-मेनन ने कहा, "भाजपा नेता एल.के. आडवाणी की हत्या की साजिश में गिरफ्तार होने के बाद वह राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया. उन्होंने आरोप लगाया कि बटला को मुंबई पुलिस ने शहर से बाहर निकाल दिया है.
सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा पैदा करने वाली आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्तता के कारण, मुंबई पुलिस ने उसके खिलाफ शहर में प्रवेश करने पर कानूनी रूप से प्रतिबंध लगाते हुए निष्कासन आदेश जारी किया है.