शराब के नशे में चूर पति ने की पत्नी की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मुंबई : मुंबई के वडाला इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब को लेकर हुए विवाद में एक 29 वर्षीय महिला की उसके पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान कविता महेश वड के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी पति महेश नारायण वड फरार हो गया था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.
जांच में सामने आया है कि आरोपी महेश ने पत्नी कविता को लात-घूंसे से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई काले-नीले निशान पाए गए हैं, जो गंभीर मारपीट की पुष्टि करते हैं.
BNS की धारा 103 के तहत मामला दर्ज
वडाला पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है. शिकायत मृतका के भाई शुभम रमेश लोदी ने दर्ज कराई है, जो नवी मुंबई के नेरुल के निवासी हैं और मूल रूप से रायगढ़ जिले के मुरुद के रहने वाले हैं.
पति-पत्नी के बीच अक्सर होते थे झगड़े
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महेश शराब का आदी था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. घटना के दिन भी महेश नशे की हालत में घर पहुंचा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई. गुस्से में आकर उसने कविता पर हमला कर दिया और मोबाइल फोन भी उसके चेहरे पर फेंका, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गंभीर हालत के बावजूद आरोपी ने कविता को तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया, जिससे उसकी स्थिति और बिगड़ गई. बाद में जब वह बेहोश हो गई, तब उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमें बनाई थीं. आखिरकार आरोपी को उसके एक रिश्तेदार के घर से दबोच लिया गया. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है.