मुंबई पुलिस के एंटी टेररिज्म सेल के API समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, अवैध बांग्लादेशियों की तलाशी की थी जिम्मेदारी
मुंबई : मुंबई पुलिस के एंटी टेररिज्म सेल (एटीसी) से जुड़े चार पुलिसकर्मियों को छापेमारी के दौरान कथित चोरी और वसूली के गंभीर आरोपों के बाद सस्पेंड कर दिया गया। इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनमें एक एपीआई हैं। पुलिस के अनुसार,आरोपी एपीआई विजय सुतार, सिपाही योगेश खंडके, धनश्री रामचंद्र मोरे और रविंद्र नेमाने आरसीएफ पुलिस स्टेशन के एटीसी से जुड़े थे। इस टीम को इलाके में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की तलाश के लिए अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
5 लाख रुपये की वसूली भी की
आरोप है कि इस कार्रवाई के दौरान एक महिला के घर छापेमारी करते समय इन पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उनके घर से नकदी और सोने के आभूषण चुरा लिए। इसके अलावा आरोप है कि इन्होंने कल्याण में रहने वाली एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को कार्रवाई का डर दिखाकर उससे करीब 5 लाख रुपये की वसूली भी कर लिए। इसकी जानकारी आरोपी महिलाओं के रिश्तेदारों द्वारा स्थानीय एक सामाजिक कार्यकर्ता की मिली, जिन्होंने इसकी शिकायत जोनल डीसीपी समीर शेख से की।