ऑटोरिक्शावालों की मनमानी, बैठाते हैं ४-४ यात्री, वसूलते हैं दोगुना किराया
वसई- , वसई तालुका में ऑटोरिक्शा चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने से वसईकर परेशान हैं। परिवहन विभाग ने भले ही यात्री सीमा में कोई छूट नहीं दी है लेकिन रिक्शाचालक अतिरिक्त यात्रियों को ले जाकर भी उनसे दोगुना किराया वसूल रहे हैं।
कोरोना काल में ऑटोरिक्शा यातायात पर भी रोक लगा दी गई थी। इसका उपयोग केवल आवश्यक सेवाओं के लिए किया जाता था। हालांकि कोरोना का प्रकोप कम होते ही केवल दो यात्री ढोने की शर्त के साथ ऑटोरिक्शा यातायात को अनुमति दी गई। ऐसे में रिक्शाचालकों ने अपना किराया दोगुना कर दिया। नागरिकों ने भी इस वृद्धि को स्वीकार किया। वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर रिक्शा यातायात सुचारु रूप से चल रहा है। रिक्शा चालक बिना अनुमति के ३ से ४ यात्री ले जा रहे हैं, इसके बावजूद उनसे दोगुना किराया वसूल रहे हैं।
विरार फूलपाड़ा रिक्शा डिपो पर कुछ रिक्शा चालकों ने अतिरिक्त यात्रियों को ले जानेवाले रिक्शाचालकों को दोगुना किराया न दें, ऐसी एक होर्डिंग लगा दी थी लेकिन कुछ रिक्शाचालकों ने इसका विरोध किया और वापस बैनर हटा लिया गया।
समाजसेविका जया परमार का कहना है कि लोकल क्षेत्र का किराया १० रुपए किया जाए। मनपा की बस सेवा सीमित होने के कारण नागरिकों को रिक्शाचालकों की मनमानी का शिकार होना पड़ रहा है।
विरार परिवहन शाखा के पुलिस निरीक्षक दादाराम करांडे ने बताया कि यात्रियों की संख्या के संबंध में कोई नया आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। रिक्शाचालकों को पुराने नियमों के अनुसार यात्रियों को ले जाने का निर्देश है। अतिरिक्त किराया या अतिरिक्त यात्री ले जानेवाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।