भरोसा सेल ने ६५ जोड़ों का रिश्ता टूटने से बचाया
ठाणे, पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होते हैं। इन झगड़ों को समय पर नहीं सुलझाया गया तो पति-पत्नी के अलग होने का यही कारण बन जाता है। ठाणे पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत ‘भरोसा सेल’ में दर्ज ४९९ मामलों में से ६५ मामलों को सुलझाकर पति-पत्नी को एक कराने का काम इस सेल ने किया है। जोड़ों ने बताया कि पहले हमारी जमती नहीं थी लेकिन पुलिस के मार्गदर्शन और समुपदेशन के बाद एक-दूसरे के बिना हमारी चलती नहीं।
बता दें कि ठाणे पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत ठाणे, भिवंडी और उल्हासनगर शहरों में कुल ३५ पुलिस स्टेशन और कुल ५ ‘भरोसा सेल’ मौजूद हैं। ठाणे पुलिस आयुक्तालय द्वारा मिली जानकारी के आधार पर वर्ष २०२१ में जनवरी महीने से अगस्त महीने के अंत तक कुल ४९९ मामले ‘भरोसा सेल’ के पास आए थे। इनमें २८१ मामले अभी प्रलंबित हैं। इन मामलों में भी कार्य प्रगति पर है। ठाणे ‘भरोसा सेल’ की सहायक पुलिस निरीक्षक जयमाला वसावे ने बताया कि ‘भरोसा सेल’ जोड़ों को अलग होने से बचाने का कार्य कर रही है। आगे भी इसी तरह ‘भरोसा सेल’ में आनेवाले मामलों को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। ‘भरोसा सेल’ के अनुसार गरीब परिवारों में पति-पत्नी के बीच झगड़ों की वजह आर्थिक समस्या है। सोशल मीडिया भी जोड़ों के बीच झगड़ों का कारण है।