Latest News

मुंबई : राज्य के राहत और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार के राज्य के 18 जिलों को अनलॉक की घोषणा करने के बाद हुई उलझन से विपक्ष लगातार सरकार को निशाना बना रहा है। अब इस मामले पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रायगड में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार कोई भी रहे, लेकिन अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री का ही होता है। डिप्टी सीएम ने कहा कि अनलॉक को लेकर सरकार में पूरी तरह से तालमेल है। जिस दिन कोरोना आया, तभी से राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से जनता के सामने आ रहे हैं। इसके बाद कई बार राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे अपनी बात रखते हैं। मंत्री विजय वडेट्टीवार के एक शब्द छूट जाने से गलतफहमी हुई। अंत में सरकार जो भी हो, राज्‍य के मुख्यमंत्री जो कहेंगे, वही अंतिम निर्णय होता है। बता दें कि मंत्री विजय वडेट्टीवार ने शुक्रवार से राज्य के 18 जिलों में अनलॉक की घोषणा कर दी थी। इस घोषणा के कुछ देर बाद ही मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है। इससे अनलॉक को लेकर लोगों की उलझन बढ़ गई। 

इस मामले पर मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि राज्य के कुछ जिलों में लॉकडाउन हटाने का प्रस्ताव को आपदा प्रबंधन की बैठक में सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दी गई थी, लेकिन मुंबई से नागपुर आने की हड़बड़ी में मैं मीडिया के सामने यह शब्द बोलना भूल गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अंतिम प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेजा गया है, उनकी सहमति मिलने के बाद अधिसूचना जारी की जाएगी। जिलों की परिस्थिति के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में उनकी भूमिका सही है और यह उन्हें निभानी पड़ती है, लेकिन इसमें श्रेय लेने का कोई बात नहीं है। सरकार के रूप में हमें जो काम करना पड़ता है, वह हम कर रहे हैं।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement