पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर गैंगस्टर पति को मौत के घाट उतारा
गाजियाबाद : गाजियाबाद के विजयनगर में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने गैंगस्टर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला का प्रेमी भी शातिर बदमाश है। दोनों ने हत्या के बाद 12 मार्च को शव हिंडन में फेंक दिया था। रविवार को पुलिस पूछताछ में महिला ने जुर्म कबूल कर लिया। महिला और उसके प्रेमी को पति ने घर में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, इसलिए दोनों ने उसे रास्ते से हटा दिया।
विजयनगर की एक कॉलोनी में रहने वाले गैंगस्टर की पत्नी ने 13 मार्च को थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने रविवार को जब गैंगस्टर की पत्नी से पूछताछ की तो पता चला कि उसी ने अपने गैंगस्टर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है। आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति मेरठ में दो लूट के मामलों में करीब एक साल पहले जेल गया था। जेल में उसकी मुलाकात मेरठ के ही रहने वाले एक गैंगस्टर से हुई। जेल से छूटने पर उसके पति के गैंगस्टर दोस्त का घर आना-जाना शुरू हो गया। इस दौरान महिला के उसके साथ अवैध संबंध बन गए।
महिला ने पुलिस को बताया कि जेल से छूटने के बाद उसके पति ने किराना मंडी में ट्रांसपोर्ट का कारोबार शुरू कर लिया था, जिसके चलते वह रात में देर से आता था। करीब 14 दिन पहले प्रेमी ने महिला से कहा कि वह अपने पति से किसी तरह का कोई संबंध न रखे। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। 10 मार्च को उसका पति उसे शॉपिंग कराने के लिए दिल्ली ले गया। 11 मार्च को वह अपने मायके से वापस पति के घर आ गई। 12 मार्च को काम कम होने के कारण उसका पति जल्दी घर आ गया तभी उसने महिला और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इस दौरान महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने पति के शव को बोरे में भरकर और कार में डालकर हिंडन नदी में फेंक आए।
आरोपी प्रेमी गुमराह करने थाने आया था
थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी प्रेमी अपनी भाभी के साथ थाने आया था, लेकिन उस वक्त पुलिस ने उस पर शक नहीं हुआ था। आरोपी प्रेमी मृतक का दोस्त बनकर वहां पर जानकारी लेने के लिए पहुंचा था।
सख्ती से पूछताछ के बाद जुर्म कबूला
पुलिस की सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी पत्नी ने अपना जुर्म कबूल लिया और बताया कि वह प्रेमी के चक्कर में फंस गई। इसके बाद उसने आरोपी गैंगस्टर और उसके दोस्त का भी नाम बता दिया।
''आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं महिला के प्रेमी और उसके साथी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।''