Latest News

फिरौती गिरोह का भांडाफोड़, डॉक्टर के अपहरण केस में पांच अपराधी गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक डॉक्टर के अपहरण की गुत्थी सुलझाने के सिलसिले में बड़ा खुलासा किया है। पता चला है कि कुछ अपराधियों ने फिरौती गिरोह बना रखा था जो लंबे समय तक किसी की रेकी करके उसका शिकार किया करता था। बहरहाल, डॉक्टर के अपहरण के मामले में दल के पांच अपराधी गिरफ्तार हो चुके हैं।

सीनियर इंस्पेक्टर अजय सावंत ने बताया कि राजस्थान के रहनेवाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। डॉक्टर का 6 फरवरी को बांद्रा के कार्टर रोड से अपहरण कर लिया गया था। आरोपियों ने उनसे 9 लाख रुपये मांगे थे, लेकिन जब डॉक्टर ने इतनी रकम देने में असमर्थता व्यक्त की तो आरोपी रकम कम लेने को तैयार हो गए। अपराधियों ने 6 लाख 40 हजार रुपये लेने के बाद अगले दिन डॉक्टर को छोड़ दिया।

अपराधियों के चंगुल से छूटते ही डॉक्टर ने एफआईआर दर्ज करवाई। सीनियर इंस्पेक्टर महेश तावडे, योगेश चव्हाण, नवनाथ उघडे और राजू बनसोडे की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तरीकों से मामले की जांच की। पुलिस को जब आरोपियों का ठिकाना मालूम हुआ तो सभी को दहिसर से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में गुड्ड हजरत अली के खिलाफ संगीन अपराध के 42 मामले दर्ज हैं। एक अन्य आरोपी मोहम्मद इकबाल शेख मुंबई में रहता है। वही टार्गेट तय करता था। शेख पहले रेकी करता था, टार्गेट करने वाले व्यक्ति की फोटो आरोपियों को वॉटसऐप करता था। इसके बाद आरोपी मुंबई आते थे और उनका अपहरण हो जाता था। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के पास से 6 लाख रुपये कैश और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement