नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर में अच्छी नौकरी का झांसा देकर 1.90 लाख में लड़कियों का किया सौदा
नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर में अच्छी नौकरी का वादा कर दो लड़कियों को बेचने का मामला सामने आया है। दोनों लड़कियां रिश्ते में बहन लगती हैं, जिन्हें एक लाख 90 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने दोनों को बचा लिया है। नागपुर के एक व्यक्ति ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में अच्छी नौकरी का झांसा देकर 20 और 24 साल की दो बहनों का सौदा कर दिया। दो लोगों ने बतौर सेक्स स्लेव लड़कियों का लगभग 2 महीने तक शोषण किया। एक लड़की को 90 हजार में, तो दूसरी के लिए एक लाख की रकम दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौकरी की तलाश में दोनों लड़कियों की मुलाकात माया नामक महिला और उसके पति आकाश श्रीवास के हुई। उन्होंने एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में अच्छी सैलरी का झांसा देकर लड़कियों का दो अलग-अलग लोगों के साथ सौदा कर दिया। इधर, लड़कियों के लापता होने से परिवार परेशान हो गया। उनके नंबर भी बंद आते थे। लेकिन लड़कियों में से एक ने घर पर फोन किया, जिसके बाद पुलिस की मदद से उन्हें बचा लिया गया।