नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार, ITBP जवान सहित 3 गिरफ्तार
बिहार: बिहार के सारण जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है. जहां एक आईटीबीपी के जवान समेत तीन लोगों ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार बना डाला. पुलिस ने आरोपी जवान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. ITBP के अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है.
एसपी हरिकिशोर ने बताया कि आरोपी जवान रविराज की गिरफ्तारी की सूचना आइटीबीपी के अधिकारियों को दे दी गई है. उनके मुताबिक छात्रा शनिवार को छपरा में जब परीक्षा देकर घर लौट रही थी, उसी समय बदमाशों ने उसे एक घर में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दे डाला.
घटना के बाद बदहवास लड़की किसी तरह से अपने घर पहुंची. घर में घुसते ही वह अचेत हो गई. बेहोश लड़की को परिजनों ने छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत चिंताजनक देखकर उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेज दिया गया. फिलहाल पीड़िता का इलाज वहीं चल रहा है. पुलिस अधीक्षक हरिकिशोर ने बताया कि रविवार को इस मामले में एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की थी. जहां मौके से टीम को खून के धब्बे मिले हैं. पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.इस संबंध में पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ग्रेटर नोएडाः पति ने की आत्महत्या, पत्नी ने नस काटी, हालत गंभीर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी फोर्थ ऐवन्यू में मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब करने वाले एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि घर में आपसी कलह चल रहा था. पति को फंदे पर लटका देख पत्नी ने भी हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया. घरवालों ने महिला को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया. महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है.
वहीं, कोतवाली बिसरख पुलिस ने पति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि सैमसंग कंपनी में मैनेजर सनी सिन्हा का शव पंखे से लटका हुआ मिला, जबकि टीसीएस कंपनी में जॉब करने वाली उनकी पत्नी प्रियंका बेड पर पड़ी हुई थीं. पुलिस के मुताबिक, इनकी शादी 2 साल पहले हुए थी. शादी के बाद से ही दोनों में कलह शुरू हो गया था. प्रियंका बेंगलुरु जाकर रहने लगी थीं. घरवालों के समझाने के बाद प्रियंका वापस आई थी.
गुरुग्रामः लूट का आरोपी गिरफ्तार
सदर बाजार में 21 जून को एक व्यापारी से लूटे गए 10 लाख रुपए के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी भूपेंद्र के पास से 8.95 लाख रुपए और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी भूपेंद्र मूलरूप से मथुरा का रहने वाला है और गुरुग्राम के ओम नगर में रहता है. आरोपी ने बच्चों की स्कूल फीस, कर्ज और बाकी पैसे नशा करने में खर्च कर दिए थे. एसीपी क्राइम के मुताबिक, 21 जून को सदर बाजार इलाके में स्थिति हरि स्वीट्स के मालिक जब दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे तभी पहले से घात लगाए भूपेंद्र ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था.