वसई-विरार में तेज हवाओं के बीच महिला पर गिरी टिन की चादर, हादसे में लगे 22 टांके
वसई : वसई-विरार इलाके में तेज हवाओं के बीच एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है। यहां सड़क से गुजर रही एक महिला पर अचानक टिन की चादर गिर गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का खौफनाक दृश्य कैद हुआ है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 5 जुलाई को हुई थी। तेज हवाओं के कारण एक इमारत या निर्माण स्थल से टिन की चादर उखड़कर नीचे गिर गई और इसकी चपेट में महिला आ गई। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिला सामान्य तरीके से सड़क पर चल रही थी। इसी दौरान तेज हवा के झोंके के साथ ऊपर से टिन की बड़ी चादर तेजी से नीचे गिरती है और महिला को अपनी चपेट में ले लेती है। अचानक हुए इस हमले से महिला सड़क पर गिर जाती है।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने महिला को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी। परिवार के अनुसार, महिला के इलाज के दौरान उसे 22 टांके लगाए गए हैं। हालांकि, समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के मौसम में खुले में रखे निर्माण सामग्री, टिन की चादर और अन्य सामान लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश और तेज हवाओं के मौसम में ऐसे स्थानों की जांच की जाए, जहां से सामान गिरने का खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों और इमारतों पर सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलती हैं। ऐसे मौसम में कमजोर संरचनाएं, ढीली टिन की चादरें, होर्डिंग और अन्य सामान दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।