सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नाजिया इलाही खान पर एफआईआर
मुंबई : सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नाजिया इलाही खान के खिलाफ महाराष्ट्र में दो अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज की गई हैं। आरोप है कि उनके एक बयान से मुस्लिम धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। जानकारी के अनुसार, भिवंडी के शांतिनगर पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले सोशल मीडिया बयान से जुड़ा है।
इसी बीच, मुंबई के पायधुनी पुलिस स्टेशन में भी रजा अकादमी के सदस्यों ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नाजिया इलाही खान ने पैगंबर से जुड़े कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं, जिससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने पुलिस से इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट और बयान की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि टिप्पणियों की प्रकृति क्या थी और क्या वे कानून के दायरे में आती हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल दोनों थानों की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।