Latest News

मुंबई : एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की मुंबई इकाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खार पुलिस स्टेशन में तैनात एक सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) को 1.5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय तुषार काले के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी को बांद्रा स्थित चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के निर्देश पर एक संपत्ति विवाद से जुड़े मामले की जांच सौंपी गई थी। उसे मामले की जांच कर कोर्ट में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी। जांच के दौरान आरोपी तुषार काले ने शिकायतकर्ता से अनुकूल रिपोर्ट देने के बदले पहले 3 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। यह मामला शिकायतकर्ता के भाई से जुड़े संपत्ति विवाद से संबंधित था, जिसमें वह अपने पक्ष में समाधान चाहता था।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के भाई का बयान दर्ज करने के बाद काले ने इशारों-इशारों में रिश्वत की मांग की और कहा कि हमारी तरफ भी ध्यान दें। इसके बाद जब शिकायतकर्ता सीधे उससे मिला, तो काले ने स्पष्ट रूप से 3 लाख रुपए की मांग की, ताकि वह अपनी जांच रिपोर्ट को प्रभावित कर सके। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। बातचीत के दौरान आरोपी अधिकारी 3 लाख से घटाकर 1.5 लाख

रुपए लेने पर राजी हो गया। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने काले को 1.5 लाख रुपए दिए, एसीबी टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और इसमें अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement