मनपा चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या पुरुष उम्मीदवारों से अधिक
मुंबई : मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। १५ जनवरी को होने वाले मतदान और १६ जनवरी को घोषित होने वाले नतीजों से पहले चुनावी मैदान में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बार मुंबई मनपा चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या पुरुष उम्मीदवारों से अधिक दर्ज की गई है, जिसे महिला आरक्षण और बढ़ती राजनीतिक भागीदारी के तौर पर देखा जा रहा है। ऐसे में साफ कहा जा सकता है कि मुंबई में इस बार नारी शक्ति का बोलबाला रहेगा।
चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई महानगरपालिका के कुल २२७ प्रभागों के लिए १,७०० उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें ८७९ महिला उम्मीदवार और ८२१ पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि कुल प्रभागों में से ११४ प्रभाग महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिसके चलते विभिन्न राजनीतिक दलों को बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवार उतारने पड़े हैं।
देवनार, मानखुर्द, चेंबूर गोवंडी में
दिखा महिला उम्मीदवारों का दम!
मुंबई में इस बार मनपा चुनाव में नारी शक्ति का बोलबाला है। आंकड़ों पर नजर डालें तो देवनार, मानखुर्द, चेंबूर और गोवंडी जैसे पूर्वी उपनगरों में महिला उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है, जहां कुल ६८ महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं। इसके बाद वडाला, दादर और सायन क्षेत्रों में ६६, जबकि धारावी और माहिम सहित मध्य मुंबई के कुछ हिस्सों में ५९ महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। वरली और प्रभादेवी जैसे दक्षिण मुंबई के इलाकों में महिला उम्मीदवारों की संख्या तुलनात्मक रूप से कम है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महिला उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या केवल आरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी राजनीति में महिलाओं की सक्रिय भूमिका की ओर भी इशारा करती है। हालांकि, यह देखना अहम होगा कि क्या यह भागीदारी सत्ता और निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक प्रतिनिधित्व में तब्दील हो पाती है या नहीं।