वसूली में दो पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
मुंबई, मुंबई पुलिस के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह से जुड़े वसूली मामले में मुंबई पुलिस के दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त पुलिस अधिकारी की पहचान नंदकुमार गोपाले व आशा कोरके के रूप में हुई है।
बता दें कि इसी जुलाई महीने में मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह समेत क्राइम ब्रांच के डीसीपी अकबर पठान, श्रीकांत शिंदे, पीआई आशा कोरके, पीआई नंदकुमार गोपाले, संजय पाटील, सुनील जैन और संजय पुनमिया के खिलाफ वसूली का मामला दर्ज किया था। इस मामले में शिकायतकर्ता भायंदर के बिल्डर श्याम सुंदर अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनके खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया गया था और उनसे करीब १५ करोड़ रुपए की मांग की गई थी और कहा गया था, इन पैसों के बाद उन पर कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। आरोप यह भी लगाए गए कि यह सब साल २०१६ से चल रहा था।
इस मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई थी। इस मामले में जांच के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अधिकारियों नंदकुमार गोपाले और आशा कोरके को गिरफ्तार किया है।