Latest News

मुंबई, सचिन वाझे केस और परमबीर सिंह मामले में महाराष्ट्र में अब भी सियासी पारा हाई है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह और पूर्व पुलिसकर्मी सचिव वाजे से संबंधित मामलों के सिलसिले में गुरुवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और परिवहन मंत्री अनिल परब के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की। दरअसल चंद्रकांत पाटिल यहां पार्टी की राज्य इकाई के एक सम्मेलन में बोल रहे थे।
भारतीय जनता पार्टी के नेता चंद्रकांत पाटिल ने कहा, 'प्रदेश भाजपा ने परमबीर सिंह और सचिन वाझे से संबंधित मामलों में कथित संलिप्तता के लिये उपमुख्यमंत्री अजित पवार और शिवेसना नेता तथा परिवहन मंत्री अनिल परब के खिलाफ सीबीआई जांच कराने की मांग से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया है।'
गौरतलब है कि फरवरी में मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के निकट एक एसयूवी में विस्फोटक सामग्री रखी मिलने के मामले में सचिन वाझे की कथित संलिप्तता को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बीच परमबीर सिंह को मार्च में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटाकर होमगार्ड विभाग में भेज दिया गया था।
बाद में परमबीर सिंह ने राज्य सरकार को भेज गए एक पत्र में उस समय राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। मामले की जांच कर रहे राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 13 मार्च को वाजे को गिरफ्तार कर लिया था। पिछले महीने उन्हें पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement