लापता शादीशुदा महिला का प्रेमी गिरफ्तार
कल्याण : चार साल पहले एक महिला रेलवे के डब्बे से गायब हो गई। उसी दिन उसका एक सहकर्मी भी गायब हो गया। चार सालों बाद उन दोनों का पता चला है। मुंबई से सटे ठाणे के अंबरनाथ में स्थित एक कंपनी में काम करने वाली एक शादीशुदा महिला अपने मायके से वापस लौटते वक्त रास्ते से ही अचानक गायब हो गई। वह मनमाड से आ रही थी। मनमाड में ही उसका मायका है। मनमाड पुलिस ने उसकी खूब तलाश की। लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। दूसरी तरफ इस महिला के साथ काम करने वाला शाहबाज शेख नाम का युवक भी उसी दिन गायब हो गया था। इन दोनों का चार सालों से कुछ पता नहीं था लेकिन अब एक ऐसी घटना हुई कि ये दोनों पुलिस के हाथ लग गए। इस शादीशुदा महिला की तलाश मनमाड रेलवे पुलिस कर रही थी जबकि युवक की तलाश कल्याण पुलिस कर रही थी। यह युवक मुंबई से सटे कल्याण इलाके का रहने वाला है। असल में हुआ यूं कि दो दिनों पहले युवक के एक रिश्तेदार की मौत हो गई। वह युवक अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उस विवाहिता को लेकर कल्याण पश्चिम के रोहिदास वाडा में पहुंचा। पुलिस को इसकी जानकारी मिली और पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारी प्रमोद सानप ने पहले शाहबाज को पकड़ा। जब शाहबाज से पूछताछ चल रही थी तभी पुलिस ने शाहबाज से उसकी पत्नी के बारे में भी पूछताछ शुरू की। तभी यह सच सामने आया कि सना बन कर जो महिला शाहबाज के साथ रह रही है, दरअसल वही सीमा कोष्टी है, जो चार साल पहले अंबरनाथ में अपने पति के साथ रहा करती थी। सीमा कोष्टी 30 मई 2017 को मनमाड स्थित अपने मायके से वापस आते वक्त ट्रेन में बैठी और फिर अचानक गायब हो गई। उसके गुमशुदा होने की खबर रिश्तेदारों ने मनमाड पुलिस थाने में लिखवाई। उसी दिन कल्याण पश्चिम के रोहिदास वाडा में रहने वाला शाहबाज शेख भी गायब हुआ।