कोरोना से जंग के बीच मानसून पूर्व कार्य प्रगति पर
मुंबई, कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों की तेजी से बढ़ रही संख्या के बीच मनपा का मानसून पूर्व कार्य भी तेजी से शुरू है। इनमें ४०५ स्थानों में से १७१ स्थान जल-जमावमुक्त होने के साथ ही १२५ जगहों का कार्य अंतिम चरण में हैं, जो कि मानसून से पहले ही पूर्ण कर लिए जाएंगे। इसके साथ ही जल-जमाववाली जगहों पर पानी निकासी के लिए ४७० पंप लगाए जाएंगे। पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे की प्रमुख उपस्थिति में कल मानसून पूर्व कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त मनपा आयुक्त पी. वेलरासू ने मनपा की ओर से शुरू कार्यों की जानकारी दी।
मानसून के आगमन में अभी कुछ ही दिन बचे हैं इसलिए मनपा ने प्री-मॉनसून कार्यों में तेजी लाई है। इसमें सबसे जरूरी नाला सफाई का कार्य ५० फीसदी पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा जल-जमाव को कम करने के लिए किए जा रहे कार्य प्रगति पर हैं। मनपा के अंतर्गत आनेवाले जलजमाव क्षेत्रों का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। इनमें ४४ स्थानों का काम वर्ष २०२२ के मानसून से पहले जबकि ८ स्थानों का काम मानसून के बाद किया जाएगा। इसी तरह रेलवे, ‘म्हाडा’, ‘एमएमआरडीए’ और ‘एसआरए’ क्षेत्र के अंतर्गत जल-जमाववाले ४३ स्थानों पर काम के लिए भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इस ऑनलाइन समीक्षा बैठक में जल अभियंता अजय राठोर, पर्जन्य जलनिस्सारण प्रमुख अभियंता कमलापुरकर, सड़क और परिवहन प्रमुख अभियंता राजेंद्र तलकर आदि उपस्थित थे।