Latest News

मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार से राज्य में भीड़-भाड़ वाले सारे राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रमों पर पाबंदी लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हालात नहीं संभले तो राज्य में फिर लॉकडाउन लगाया जा सकता है।

उद्धव ने रविवार को लोगों को 8 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जो लोग लॉकडाउन नहीं चाहते, वे मास्क जरूर पहनें। निजी फर्मों से भी वर्क फ्रॉम होम पॉलिसी अपनाने को कहा गया है, ताकि भीड़ से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि अगले 8 से 15 दिनों में हमें पता चल जाएगा कि यह कोरोना की नई लहर है या नहीं?

महाराष्ट्र में रविवार को 6971 नए केस सामने आए। यह पिछले 10 दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राज्य में 12 फरवरी से मरीजों की तादाद तेजी से बढ़नी शुरू हुई थी। 12 फरवरी से 21 फरवरी तक राज्य में 47979 नए केस मिल चुके हैं। कई शहरों में सख्ती शुरू कर दी गई है। अमरावती में सोमवार रात 8 बजे से एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। इस दौरान जरूरी सामान की दुकानें सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेंगी।

वहीं, पुणे जिला प्रशासन ने भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। यहां रात 11 से सुबह 6 बजे तक लोगों के घर से निकलने पर रोक लगा दी गई है। केवल इमरजेंसी में ही लोग बाहर निकल सकेंगे। स्कूल-कॉलेज 28 फरवरी तक बंद कर दिए गए हैं। पुणे के बाद अब नागपुर, यवतमाल और मुंबई में भी नाइट कर्फ्यू लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के मंत्री विजय वेड्‌डेटीवार ने इसकी पुष्टि की।

इधर, बढ़ते मामलों की वजह से भारत एक बार फिर दुनिया के उन 15 देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है, बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो गई है।

भारत इस सूची में 15वें नंबर पर आ गया है। 30 जनवरी को पुर्तगाल, इंडोनेशिया और आयरलैंड को पीछे छोड़ते हुए 17वें नंबर पर पहुंच गया था। तब उम्मीद थी कि जल्द ही दुनिया के टॉप-20 संक्रमित देशों की सूची से भी बाहर हो सकता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एक्टिव केस फिर से बढ़ने लगे। इसकी वजह से भारत अब फिर दुनिया के सबसे संक्रमित देशों में शामिल हो गया।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement