नालासोपारा में बैठकर फर्जी कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों को उल्लू बनाकर धोखाधड़ी
वसई : नालासोपारा में बैठकर फर्जी कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों को उल्लू बनाकर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के १० नटवरलाल को हिरासत में लिया है। पुलिस को अब भी मामले में तकनीक विशेषज्ञ, अमेरिकी नागरिकों का डेटा बेचने वाले और हवाला कारोबार से जुड़े शख्स की तलाश है। पुलिस को उम्मीद है कि उसे भी जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी करने वाले इस गिरोह का मास्टरमाइंड प्रकाश दीपक बनर्जी है। इसे हिरासत में लिया जा चुका है। यह मास्टरमाइंड ‘वीओआईपी’ (वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) के जरिए अमेरिकंस को एसएसएओ (सोशल सिक्युरिटी एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर) बताता था। आरोपी फर्जी कॉल सेंटर में कंप्यूटर पर मैसेज टाइप कर उसे अमेरिका में बोली जाने वाली अंग्रेजी में वाइस मेसेज के तौर पर कनवर्ट कर लेता थे। इसके बाद ये लोग मैसेज को अमेरिकंस के लैंडलाइन व मोबाइल फोन पर भेजते थे। मैसेज में एक टोल प्रâी नंबर भी दिया जाता था, इस पर फोन मिलाने पर यह कॉल हिंदुस्थान के इस फर्जी कॉल सेंटर के मोबाइल फोन पर आता था। खास बात ये है कि अमेरिकनों को पता नहीं चलता था कि उनके पास हिंदुस्थान से मैसेज आया है या फोन पर उनकी बात हिंदुस्थान में हो रही है। मैसेज और कॉलिंग में उन्हें अमेरिका का ही नंबर दिखता था। सूत्रों ने बताया कि आरोपी किसी शिकार को झांसे में लेने के बाद उसे १००-२०० डॉलर की कीमत का गिफ्ट कार्ड खरीदने को कहते थे। इसके बाद उस कार्ड का १६ अंकों का गोपनीय नंबर लेकर, अमेरिका में बैठे एजेंटों द्वारा कमीशन पर बेच देते थे। कमीशन के तौर पर डॉलर में प्राप्त होने वाली रकम को हिंदुस्थानी मुद्रा में बदलकर अपने सहयोगी द्वारा आरोपियों को भेजा करते थे। पुलिस ने आशंका जताई है कि गिरोह का कोई सदस्य अमेरिका के नागरिकों का नाम, पता व फोन नंबर सहित अन्य गोपनीय जानकारी देता है। फिर इस जानकारी के साथ वॉयस मैसेज बनाकर उसके फोन पर भेजते थे। पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर के डायरेक्टर प्रकाश दीपक बॅनर्जी, जयेश गोपाल पडाया, चंदन यशवंत आमीन, भरत नारायण भाटी, ओमकार नितीन काळे, सनीत सुभाष कपाडे, कोमल तानाजी बघाडे, मुस्कान वाजीद हुसेन, प्रांजल पियुष शिंदे, चंन्द्रेश मनोहर विश्राम को हिरासत में लिया है। इनके पास से ९ लैपटॉप व इयरफोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। वसई-विरार के उपायुक्त संजय कुमार पाटील ने बताया कि मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है।