मुंबई : बॉलीवुड में मेक-अप की आड़ में ड्रग्स की सप्लाई, 3 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स बरामद
मुंबई : अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स एंगल आने के बाद से ही नार्कोटिक कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इसके साथ ही मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भी ड्रग्स तस्करों की धर पकड़ शुरू की है. पुलिस को शुक्रवार को बड़ी कामयाबी मिली. बॉलीवुड में नामी अभिनेता और अभिनेत्रियों का मेक-अप करने वाले 2 मेक-अप मैन को ड्रग्स की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है. उनके पास से 3 लाख रुपए की एमडी (म्याऊ-म्याऊ) ड्रग्स बरामद हुई है. पुलिस को अंदेशा है कि दोनों मेक-अप मैन बॉलीवुड के नामी सेलिब्रेटी को भी ड्रग्स पहुंचाते थे.
क्राइम ब्रांच यूनिट-12 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनिल माने को गुप्त सूचना मिली कि बोरिवली (पूर्व) के राजेंद्र नगर में दत्तपाडा रोड स्थित एस्पी टॉवर में ड्रग्स तस्कर, ड्रग्स की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं. पुलिस उपायुक्त अकबर पठान के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सुनिल माने, पुलिस निरीक्षक रइस शेख, सलील भोसले, सहायक पुलिस निरीक्षक नितीन उत्तेकर की टीम ने ट्रैप लगाकर एस्पी टॉवर के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा. जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से 3 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स बरामद हुई.
पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि वे बॉलीवुड के बड़े प्रोडेक्शन हाउस में मेक-अप मैन के रूप में काम करते हैं. आरोपियों की पहचान निकेतन उर्फ निखिल सुरेश जाधव (30) और परवेज उर्फ लड्डू हनीफ हलाई (30) के रूप में हुई है. निखिल पर हत्या के प्रयास, चोरी और धोखाधड़ी के 7 मामले दर्ज है. बोरिवली पुलिस ने उसे तड़ीपार किया था. परवेज के खिलाफ भी डीएन नगर पुलिस स्टेशन में 2 आपराधिक मामले दर्ज है. इन्होंने अपराध की दुनिया से बॉलीवुड में असिस्टेंट मेक-अप मैन के रूप में प्रवेश किया. बॉलीवुड में आने के बाद उन्हें पता चला कि यहां ड्रग्स बिक्री करने में पैसा मिलता है, तो वे ड्रग्स की खरीद-फरोख्त करने वालों के संपर्क में आ गए. क्राइम ब्रांच इस बात की जांच कर रही है कि वे किन बॉलीवुड सेलिब्रेट्री को ड्रग्स की सप्लाई करते थे.