ठाणे : बारवी बांध पानी कम, महीना भर में सिर्फ 6 % हुआ जलजमाव
ठाणे : जुलाई महीने खत्म होने में अब सिर्फ 6 दिन ही शेष है, लेकिन अभी भी जिले के जलाशय क्षेत्रों में अपेक्षा से कम बारिश होने से चिंता तो प्रशासन के माथे पर साफ नजर आ रहा है, लेकिन ठाणे जिले को पानी आपूर्ति करने वाली बारवी बांध परिसर में भले ही एक माह के बरसात में सिर्फ 6 फीसदी ही जल जमाव हो पाया है. परंतु इस बांध की ऊंचाई पिछले वर्ष बढ़ाने के कारण अब भी पानी शेष है. ऐसे में भले बांध क्षेत्रों में जोरदार बारिश की प्रतीक्षा की जा रही हैं, लेकिन नागरिकों को पानी के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है. बांध से जिले के रहिवासियों को सितबंर तक पानी की आपूर्ति की जा सकती है.
चक्रवाती तूफान आने के बाद मानसून देरी से आया और जून महीने में बरसात कम हुई. हालांकि जुलाई के पहले सप्ताह में वर्षा ने जोरदार दस्तक देते हुए जमकर बरसे, लेकिन जिले के बांध वाले क्षेत्रों में उपस्थिति अपेक्षा के अनुरूप कम दर्ज की गई. जबकि ऐसा अंदाज लगाया जा रहा था कि शायद जुलाई माह के शुरुआती सप्ताह से शुरू बरसात पूरे महीने जारी रहेगा, लेकिन तीसरे सप्ताह से लगभग गायब सा हो गया है. यदि जिले में अब तक कुल हुई बरसात पर नजर डाले तो अब तक 993.53 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इस समय तक कुल 1357 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी. जोकि पिछले वर्ष की तुलना में 363.47 मिमी कम है.
पिछले वर्ष की तुलना में सिर्फ बरसात ही कम नहीं हुई है, बल्कि जिले के जलाशय क्षेत्रों में भी कम बरसात होने से भी जिला प्रशासन के माथे पर निराशा झलक रही है. विशेषतः जिले के अंतर्गत आने वाले ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, मीरा-भायंदर, अंबरनाथ, बदलापुर, उल्हासनगर, भिवंडी महानगर पालिकाओं के नागरिकों की प्यास बुझानी वाली बारवी बांध परिसर में अभी भी दमदार बरसात का इंतजार हैं.
आपको बतादें कि ठाणे जिले को पानी की आपूर्ति करने वाली बारवी बांध की कुल क्षमता 338.840 दश लक्ष घन मीटर है. वर्तमान समय मे इस बांध में कुल पानी जमाव 155.110 दस लक्ष घन मीटर है. हालांकि पिछले वर्ष इस बांध की ऊंचाई बढ़ाने से जल जमाव भी बढ़ा है. जिसके कारण जहां इस बांध में मई माह तक पानी कम हो जाता था और बरसात का इंतजार किया जाता था, लेकिन इस वर्ष जून माह तक तकरीबन 40 फीसदी पानी शेष बचा था.अब तक पिछले डेढ़ महीने में इस बांध परिसर में सिर्फ 845 मीमी बारिश ही दर्ज की गई है. इससे सिर्फ 6 फीसदी जल ही जमा हो पाया है. वहीं पिछले वर्ष जहां 22 जुलाई तक 80 फीसदी जल जमाव में इस जलाशय में हो गया था,वहीं इस वर्ष मात्र 45 से 50 फीसदी के ही बीच भर पाया है. पिछले साल अगस्त महीने के पहले सप्ताह में यह बांध ओवर फ्लो हो गया था, लेकिन अब जहां अगस्त महीना आने में कुछ दिन ही शेष है तो सिर्फ 49 फीसदी जलजमाव चिंता का विषय बना हुआ है.
जिले के अधिकांश महानगर पालिकाओं और नगर पालिकाओं को बारवी बांध से पानी आपूर्ति होती हैं. वहीं स्टेम प्राधिकरण, एमआईडीसी, केडीएमसी और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण जैसी संस्थाएं आंध्रा और बारवी बांध से ही पानी लेती हैं. इन उपर्युक्त प्राधिकरणा द्वारा ठाणे, नवी मुंबई, भिवंडी और कल्याण-डोंबिवली इन परिसरों में पानी की आपूर्ति की जाती है.वहीं भातसा बांध से अर्थात इस नदी से ठाणे महानगर पालिका खुद के 110 एमएलडी पानी आपूर्ति योजना के लिए पानी लेती है, लेकिन इस जलाशय क्षेत्र में भी वर्षा गायब है. जिसके कारण इस जलाशय में भी पानी की कमी होने की संभावना जताई जा रही हैं.