Latest News

मुंबई : महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। राज्य की गठबंधन सरकार पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच विपक्ष के नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने पहुंचे। सीएम से मुलाकात के बाद फडणवीस ने आरोप लगाया कि राज्य में कोरोना के आंकड़े कम बताने की कोशिश हो रही है। फडणवीस ने आरोप लगाए कि महाराष्ट्र में टेस्टिंग क्षमता काफी ज्यादा होने के बावजूद टेस्टिंग कम हो रही है। सरकार की कोशिश है कि कम टेस्टिंग की जाए, जिससे कोरोना के कम मामले सामने आएं।

देवेंद्र फडणवीस ने बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल के साथ सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र में हर दिन 38 हजार कोरोना टेस्ट की क्षमता है लेकिन सिर्फ 14 हजार टेस्ट हो रहे हैं। मुंबई में ही 12 हजार टेस्ट प्रतिदिन की क्षमता है लेकिन चार हजार टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं। सरकार कम टेस्ट करके कोरोना के केस कम रखना चाहती है।' सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात के बारे में फडणवीस ने कहा, 'मैंने कुछ बीजेपी नेताओं के साथ कोंकण क्षेत्र का दो दिन तक दौरा किया। आज हमने वहां के हालात के बारे में मुख्यमंत्री को बताया है। वहां बागवानी करने वालों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है और सरकारी मदद नाकाफी है।' 

फडणवीस ने आगे कहा, 'मैंने मुख्यमंत्री से सहायता देने का आधार बदलने और मछुआरों के साथ-साथ बागवानी वालों के भी कर्ज माफ करने की अपील की है। हमने वहां के टूरिजम सेक्टर को लेकर भी अपनी मांग रखी है। अभी तक वहां विद्युत आपूर्ति नहीं शुरू हो पाई है जबकि यह काम सबसे पहले होना चाहिए।' महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3428 नए मामले सामने आए और 113 लोगों की मौत हुई। महाराष्ट्र में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 1,04,568 पहुंच गई है और कुल 3830 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटों में मुंबई में 1380 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और 69 लोगों की मौत हुई है। मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 56,831 हो गई है और 2113 लोगों की मौत हुई है। अब तक कुल 49346 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement