Latest News

मुंबई  : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों में कोई कमी आती नहीं दिख रही है। हर दिन नए मामलों के बनते रेकॉर्ड के बीच प्रदेश में फिर से लॉकडाउन लागू करने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने साफ किया है कि राज्य सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और सरकारी गाइडलाइन्स का पालन करने की अपील की। लॉकडाउन लागू होने के अफवाहों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री ठाकरे ने साफ कहा कि राज्य सरकार ने 15 जून से फिर से लॉकडाउन लगाने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। हालांकि, एहतियातन लोगों को भीड़ से बचना चाहिए और सरकार की गाइडलाइन्स का पालन करना चाहिए। सिर्फ मुंबई ही नहीं बल्कि इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी 15 जून से लॉकडाउन लागू होने की चर्चा थी। 

दिल्ली सरकार ने भी इसके बाद बयान जारी कर इसका खंडन किया था। दिल्ली भारत में कोरोना से प्रभावित शीर्ष तीन राज्यों में शामिल है। महाराष्ट्र इस मामले में पहले नंबर है। यहां एक ही दिन में हजारों नए मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में मरीजों की संख्या एक लाख के करीब पहुंचने वाली है। गुरुवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 3607 नए मामले सामने आए थे, जिसके बाद राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 97, 648 हो गई। गुरुवार को 24 घंटे में कोरोना के 152 मरीजों की मौत हो गई। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement