Latest News

मुंबई : बैंकों से फ्रॉड करने के बाद देश छोड़कर भागा कारोबारी विजय माल्‍या (vijay mallya in india) बुधवार रात मुंबई लाया जा सकता है। उसके खिलाफ मुंबई में मुकदमे दर्ज हैं, इसलिए पूछताछ भी यहीं पर की जाएगी। माल्‍या को लेकर मुंबई में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि उसे यहां आर्थर रोड जेल (arthur road jail in mumbai) के बैरक नंबर 12 में रखे जाने की तैयारी है। माल्या को दो मंजिला ऑर्थर रोड जेल परिसर के अंदर बेहद सुरक्षित इस बैरक में रखा जाएगा। इसको लेकर जेल प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सुरक्षा व्‍यवस्‍था और तगड़ी कर दी गई है। 

जानकारी के मुताबिक, रात में जब विजय माल्‍या का विमान मुंबई में लैंड करेगा तो सबसे पहले डॉक्‍टरों की एक टीम उसका मेडिकल चेकअप करेगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान माल्‍या के साथ सीबीआई और ईडी के कुछ अधिकारी भी रहेंगे। अगर माल्या गुरुवार दिन में मुंबई आता है तो उसे एयरपोर्ट से सीधे कोर्ट ले जाया जाएगा। कोर्ट में सीबीआई और ईडी, दोनों एजेंसियां उसकी रिमांड की मांग कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि बैरक नंबर 12 में विजय माल्‍या के लिए गद्दा, तकिया, चादर और कंबल का इंतजाम रहेगा। एक मेटल फ्रेम का या लकड़ी का बेड मेडिकल आधार पर दिया जा सकता है। रोशनी हवा और सामान रखने के लिए जगह का इतंजाम होगा। टॉइलट, कपड़े धोने, पीने का साफ पानी और मेडिकल सुविधा भी मिलेगी।

आपको बता दें कि 2018 के अगस्‍त में माल्‍या की याचिका पर सुनवाई के दौरान यूके की कोर्ट ने भारतीय जांच एजेंसियों से उस जेल के बारे में विस्‍तारपूर्वक जानकारी मांगी थी जहां प्रत्‍यर्पण के बाद माल्‍या को रखा जाएगा। तब कोर्ट मुंबई स्थित ऑर्थर रोड जेल की एक सेल का वीडियो सौंपा गया था। एजेंसियों ने यूके कोर्ट को आश्वस्त किया था कि माल्या की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, माल्‍या ने इसका विरोध करते हुए आशंका जताई थी कि मुंबई जेल में उसके मानवाधिकारों का उल्‍लंघन हो सकता है।

ऑर्थर रोड जेल में पहले भी कई हाईप्रोफाइल कैदियों को रखा जा चुका है। अंडरवर्ल्‍ड के कई अपराधी छोटा राजन, अबू सलेम और मुस्‍तफा दोसा भी यहीं बंद हैं। 26/11 मुंबई हमलों को अंजाम देने वाले पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब को भी बेहद कड़ी सुरक्षा में इसी जेल में रखा गया था। वहीं, शीना बोरा मर्डर केस का आरोपी पीटर मुखर्जी और पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) को 13,500 करोड़ रुपये का चूना लगाने वाला विपुल अंबानी भी इस जेल की हवा खा चुका है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement