मुंब्रा : दूषित पानी पीने से लोग हो रहे बीमार
मुंब्रा : गंदा पानी पीने की वजह से मुंब्रा के कुछ भागों में लोग बीमारी का शिकार हो रहे हैं. जलापूर्ति पाइप लाइन में हुए लीकेज को बंद करने के लिए मनपा कर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कामयाबी नहीं मिल पाई है. उल्लेखनीय है कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुंब्रा, को रेड जोन घोषित किया गया है.जिसको लेकर मनपा प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है. कोरोना के कहर के बीच मुंब्रा तथा दिवा में ज्वाइंडिस तथा टायफाइड नामक बीमारी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है.
इसके लिए पानी तथा खान-पान को जिम्मेदार माना जा रहा है. मुंब्रा के प्रभाग क्र. 30 स्थित आलम महल, मीनार कॉम्प्लेक्स, इंशा अपार्टमेंट आदि परिसरों में पेयजल आपूर्ति के दौरान गंदा एवं बदबूदार पानी लोगों के घरों में आ रहा है. यही पानी पीने को लोग मजबूर हैं. बताया जा रहा है कि अब तक 50 से ज्यादा लोग अस्पतालों तथा दवाखानों में ज्वाइंडिस तथा टायफाइड का इलाज करा रहे हैं. इसकी शिकायत जलापूर्ति विभाग में की गई है.
विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि मुंब्रा को रेड जोन घोषित किया गया है. जान की परवाह किये बगैर पानी आपूर्ति लाइन में हुई लीकेज की खोजबीन लगातार की जा जारी है. लेकिन इसी दौरान लोग तमाशबीन बनकर आसपास खड़े हो जाते हैं, जिससे काम में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है. सामाजिक कार्यकर्ता आसिफ शेख ने बताया कि सिर्फ प्रभाग 30 ही नहीं, बल्कि मुंब्रा-कौसा के कई परिसरों में गंदा तथा बदबूदार पानी आ रहा है, जो लोग सक्षम हैं वे पानी खरीदकर पी रहे हैं और जो गरीब हैं वे उसी पानी के साथ अपना जीवन बसर कर रहे हैं और बीमारियों के शिकार हो रहे हैं.